स्वागत
Showing posts with label फ़िल्म-समीक्षा. Show all posts
Showing posts with label फ़िल्म-समीक्षा. Show all posts

Tuesday, May 25, 2010

कटी पतंग

राकेश रोशन ताल ठोंक के कह रहे हैं कि उन्हें काइट्स की नेगेटिव समीक्षा की परवाह नहीं है। तर्क दे रहे हैं कि भारत में न सही,विदेशों में अच्छी समीक्षा मिली है। यह भी कि उनकी फिल्म कुछ न कुछ ज़रूर कहती है अन्यथा पहले ही दिन 21 करोड़ रूपए का व्यवसाय कैसे कर पाती! हालांकि यह सब कहने के बाद भी उन्होंने आलोचकों को यह कहते हुए धन्यवाद दिया है कि वे हर किसी के दृष्टिकोण का सम्मान करते हैं।

वास्तव में,इस फिल्म के प्रचार के लिए जितने हथकंडे अपनाए गए,समीक्षाओं ने एक स्वर से उनकी मिट्टी पलीद कर दी। कहा गया कि जोधा अकबर के दो साल बाद यह फिल्म रिलीज हो रही है और 150 करोड़ की रकम देकर रिलायंस ने इसके वर्ल्डवाइड डिस्ट्रीब्यूशन अधिकार खरीदे हैं,तो कुछ सोच-समझकर ही किया होगा। करण जौहर से लेकर ज्योतिषी ब्लॉगरों ने भी रिकार्डतोड़ कामयाबी की भविष्यवाणी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी मगर किसी भी वर्ग को फिल्म पसंद आती नहीं दिखती।

मेल टुडे में विनायक चक्रवर्ती मानते हैं कि तकनीकी रूप से यह फिल्म है ही नहीं। उन्होंने कहा है कि यह हृतिक को बॉलीवुड में इंट्रोड्यूस करने के लिए तैयार किया गया सेक्सी पैकेज है और पैकेज को किसी कहानी की ज़रूरत तो होती नहीं है। इंडियन एक्सप्रेस में शुभ्रा गुप्ता ने इसे ऐसी पटकथा पर बनी फिल्म बताया है जिसमें यही तय नहीं है कि पुरानी शैली की प्रेम-कहानी बनानी है या नए स्टाइल का रोमांस। नतीजा यह कि फिल्म दोनों में से कुछ भी नहीं बन पाई। टेलीग्राफ में प्रतीम डी.गुप्ता को इस फिल्म की कहानी शिल्पा शेट्टी की कमर से भी पतली लगी है। उनका दावा है कि फिल्म की मूल कथा सीधे-सीधे मैच प्वाइंट से उड़ाई गई है।

बता दें कि यह कहानी है मेक्सिको के घने जंगलों में जबर्दस्त गर्मी के बीच मरनेके लिए छोड़ दिए गए जे ( रितिक रोशन ) की। इन जंगलों में जे को पुलिस के साथ-साथ,जान लेने पर आमादा खूंखार गिरोहों से भीअपनी जान बचानी है। जे लॉस वेगस में केसिनो का बिजनेस कर रहे गैंगस्टर बॉब ( कबीर बेदी ) की बेटी जीना ( कंगना राणावत ) से उसकी दौलत की खातिर प्यार का नाटक करता है। उसके पिता और भाई टोनी (निक ब्राउन ) को इस पर ऐतराज नहीं। मगर जब जे का सामना टोनी की प्रेमिका नताशा (बारबरा मोरी ) से होता है तो वह उसे चाहने लगता है । बाद में नताशा को भी महसूस होता है कि जे ही उसका सच्चा प्यार करता है। मगर जे और नताशा की नजदीकियां उन दोनों की जिंदगी में कई अकल्पनीय परेशानियों को जन्म देती हैं।

शुभ्रा गुप्ता को हृतिक का अभिनय साधारण लगा है,यहां तक कि नाचने-गाने वाले दृश्यों में भी। मगर नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा को हृतिक का डांस पसंद आया है मगर उन्हें बारबरा हृतिक के सामने फीकी लगी है-खासकर क्लोज शॉट में। उनके अनुसार,बारबरा रोमांटिक दृश्यों में नहीं जमी है। राजस्थान पत्रिका में रामकुमार सिंह ने माना है कि हृतिक और बारबरा मोरी ने अपने अभिनय से फिल्म की कथा को और दुरूस्त किया है। प्रतीम डी. गुप्ता ने बारबरा के रोल की तारीफ की है और इंटरवल के बाद उसे फिल्म का एकमात्र आकर्षण बताया है। दैनिक जागरण में अजय ब्रह्मात्मज को भी हृतिक के डांस और एक्शन पसंद आए हैं। गौरतलब है कि रोशन की पिछली कुछेक फिल्मों की तरह,इसमें हीरो के लिए हीरोईन के रोल को छोटा नहीं किया गया है। शुभ्रा ने इसे लीड पेयर के कारण ही,बस एक बार देखे जाने योग्य फिल्म माना है। हिंदुस्तान टाइम्स में मयंक शेखर और स्टेट्समैन में एम.पॉल ने हृतिक को इस रोल के लिए एकदम परफेक्ट बताया है। मगर विनायक चक्रवर्ती ने हीरो-हीरोईन की केमिस्ट्री को जीरो बताया है। वे लिखते हैं कि बारबरा सचमुच उल्लू की पट्ठी है जिसने यह फिल्म साइन की! फिल्म में कँगना रानाउत के महज साढे चार दृश्य हैं मगर मेल टुडे और नभाटा ने उनके अभिनय की खुलकर तारीफ की है।

सबने स्वीकार किया है कि इसबैनर की फिल्में अच्छे संगीत के लिए जानी जाती रही हैं मगर इस बार वह बात नहीं है। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर,संजय ताम्रकार और चंद्रमोहन शर्मा को जिंदगी दो पल की और दिल क्यूं ये मेरा गीत कर्णप्रिय लगा है। प्रतीम डी.गुप्ता जी कहते हैं कि गाने सीडी में तो अच्छे लगते हैं मगर फिल्म की गति के अनुरूप नहीं हैं। सलीम सुलेमान के बैकग्राउंड स्कोर को सबने फिल्म के म्यूजिक से बेहतर बताया है।

यह अनुराग बसु का ही कमाल था कि मर्डर में इमरान हाशमी भी अच्छे लगे। मगर,गैंगस्टर और लाइफ इन अ मेट्रो का यह निर्देशक इस बार निराश करता है। एम.पॉल लिखते हैं कि राकेश रोशन ने अनुराग बसु को लेते समय दर्शकों की उम्मीदों का ध्यान नहीं रखा। चंद्रमोहन शर्मा को स्पीरो का स्टंट डायरेक्शन पसंद आया है। विनायक चक्रवर्ती लिखते हैं कि लॉस वेगास,लॉस एंजिल्स और मेक्सिको के जिन दृश्यों को बढा-चढाकर बताया जा रहा है,हॉलीवुड के दर्शक उनसे पहले ही रू-ब-रू हो चुके हैं। वे मानते हैं कि बारबरा इस फिल्म में केवल इसलिए है कि उसे लेना ज्यादा खर्चीला नहीं था। लेकिन संजय ताम्रकार मानते हैं कि निर्देशक अनुराग बसु ने कहानी को इतने उम्दा तरीके से फिल्माया है कि अन्य कई बातों को इग्नोर किया जा सकता है। उनके मुताबिक,बसु ने कहानी को सीधे तरीके से कहने के बजाय उन्होंने इसे जटिलता के साथ कहा है, जिससे फिल्म में रोचकता पैदा हुई है। रामकुमार सिंह को भी अनुराग बसु का निर्देशन काबिले तारीफ लगा है।

रामकुमार सिंह ने इसे टाइमपास लव-स्टोरी माना है जो कोई कल्ट नहीं है। विशाल ठाकुर लिखते हैं कि काइट्स की डोर उलझी हुई है और आप यह फिल्म तभी देखें जब हृतिक के जबर्दस्त फैन हों और बारबरा का ग्लैमरस अँदाज देखने की तमन्ना हो। प्रतीम डी.गुप्ता ने लिखा है कि अनुराग बसु और राकेश रोशन दोनों ने एक दूसरे के प्रति धोखाधड़ी की है। वे पूछते हैं कि जब हीरो-हीरोईन के संबंध का आधार ही शारीरिक आकर्षण है,तो फिर न तो एकमात्र किसिंग सीन को इतना बढ़ा-चढाकर बताने की ज़रूरत थी और न ही यह समझ में आता है कि क्यों फिल्म को यू-ए सर्टिफिकेट दिया गया? दो टूक पूछते हैं," मेक्सिको की अवैध आप्रवासी और 11 बार फर्जी शादी कर चुका व्यक्ति सेक्स के प्रति इतने उदासीन क्यों?" शुभ्रा गुप्ता ने राकेश रोशन और अनुराग बसु-दोनों के लिए निराशाजनक बताते हुए इसे दो स्टार दिये हैं। एम.पॉल को यह फिल्म रोमियो जूलियट की बेदिमाग प्रस्तुति लगी है जिसमें दो घंटे तक नाचने और गाने के बाद हीरो-हीरोईन जो करते हैं वह लगभग आत्महत्या जैसा ही है। उन्होंने इसे ठंडे पानी की दार्जीलिंग चाय बताते हुए सिर्फ दो स्टार दिये हैं। चंद्रमोहन शर्मा ने स्टोरी के धीमी रफ्तार से खिसकने और डायलॉग दूसरी भाषाओं में होने को नेगेटिव प्वाइंट मानते हुए इसे ढाई स्टार के लायक माना है। मयंक शेखर ने अंग्रेजी और स्पेनिश डायलॉग को फिल्म का सबसे बड़ा नकारात्मक पहलू तो माना है मगर फिर भी तीन स्टार दिए हैं। अजय ब्रह्मात्मज ने इसे हिंदी सिनेमा की भावपूर्ण तथा नई उड़ान बताते हुए तीन स्टार के लायक माना है। वेबदुनिया में संजय ताम्रकार ने इसे असाधारण प्रस्तुति वाली फिल्म बताया है जो तकनीकी रूप से हॉलीवुड के स्तर की है। सो उनकी ओर से फिल्म को मिले सबसे ज्यादा साढे तीन स्टार।

वास्तव में,यह एक भाषाई फिल्म है। हीरो अँग्रेजी बोलता है। हीरोईन स्पैनिश। बीच-बीच में हिंदी भी है। फिल्म के लगभग आधे डायलॉग अंग्रेजी और स्पैनिश में हैं। अजय ब्रह्मात्मज ने मिश्रित भाषा के प्रयोग को अनूठा बताया है मगर मयंक शेखर ने ध्यान दिलाया है कि फिल्म में स्पैनिश डायलॉग्स के जो सब-टाइटल अंग्रेजी में दिए गए हैं उन्हें अधिकतर भारतीय दर्शक ठीक से पढ़ भी नहीं सकते। प्रतीम डी.गुप्ता लिखते हैं कि फिल्म के डायलॉग बेहद साधारण हैं। दूसरी बात यह कि फिल्म का हॉलीवुड संस्करण लगभग आधा घंटा छोटा है। यह समझना मुश्किल है कि जब कोई फिल्म 90 मिनट में उतनी ही बात कह सकती है तो फिर उसे 120 मिनट का बनाने की ज़रूरत क्या है! 

Saturday, May 8, 2010

ओवरस्मार्टों की बदमाश कंपनी

इस हफ्ते रिलीज एक प्रमुख फिल्म है बदमाश कंपनी। शाहिद कपूर, अनुष्का शर्मा, मेइयांग चैंग, वीर दास, पवन मल्होत्रा, किरण जुनेजा की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म का निर्माण किया है यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा ने तथा निर्देशन किया है परमीत सेठी ने। गीत है अन्विता दत्त का और संगीत प्रीतम का। 142 मिनट की इस फिल्म को सेंसर ने दिया है यू/ए सर्टिफिकेट।
अमीर बनने के सपने रॉकेट सिंह भी देखता था और उसके भीतर एक मूल्यबोध भी था मगर यह फिल्म कहानी है उस शाहिद कपूर की जिसे अपने पिता अनुपम खेर की तरह बाबूगिरी का जीवन पसंद नहीं। बाप को हार्ट अटैक हो जाता है,मां गहने बेच देती है पर बेटा बदमाश बन के ही दम लेता है। वह साफ कहता है कि मेरी मेहनत का फायदा मुझे होना चाहिए,मेरे बॉस या मेरी कम्पनी को नहीं। रातोंरात रईस बनने के चक्कर में वह वीर दास, म्यांग चांग और मुंबई में पढ़ने आई अनुष्का शर्मा के साथ फ्रेंड्स कंपनी शुरू करता है। शाहिद अपनी चालाकी से टैक्स बचाकर कंपनी को मुनाफे में लाते हैं मगर सरकार जब एक्साइज टैक्स में जबर्दस्त कटौती करती है तो कंपनी को कारोबार समेटना पड़ता है। फिर ये चारो अपना कारोबार शुरू करने पहुंचते हैं अमरीका जहां और मुसीबतें उनका इंतजार कर रही होती हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया में निखत काजमी ने इस कहानी को दिलचस्प बताया है कि क्योंकि यह आज के युवा की कहानी है जो तुरंत तरक्की चाहता है। दैनिक जागरण में अजय ब्रह्मात्मज के अनुसार,परमीत सेठी ने इस कहानी को रोचक तरीके और नए पेंच के साथ पेश किया है। मगर नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा ने माना है कि निर्देशक अपनी कहानी समेट नहीं पाए हैं और फिल्म का क्लाइमेक्स उलझा हुआ है। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर ने शाहिद के प्लान और क्लाइमेक्स को शानदार बताया है। मगर,कैच मी इफ यू कैन टाइप ओवर स्मार्टनेस के कारण दैनिक भास्कर में राजेश यादव लिखते हैं कि फिल्म के नायक और उसके दोस्तों को धोखे के व्यापार में इतना पारंगत दिखाया गया है कि दर्शक घटनाओं पर विश्वास नहीं कर पाता । नई दुनिया में मृत्युंजय प्रभाकर मानते हैं कि निर्देशक ने बड़ी ही सहजता से इसे बनाया है। उनका तर्क है कि यह फिल्म हमारे सामने कोई नायक नहीं बल्कि पात्रों को लेकर आती है और यही इस फिल्म की खासियत है।
फिल्म के दो गाने रिलीज के बाद से ही टीन एजर्स में हिट हैं । राजेश यादव के अनुसार, फिल्म में संगीत ठीक-ठाक है और चस्का - चस्का और जिंगल- जिंगल गीत युवा दर्शकों को पसंद आने लायक हैं। चंद्रमोहन शर्मा ने माना है कि टाइटिल सॉन्ग के अलावा ये अय्याशी का फिल्माकंन अच्छा बन पड़ा है। मृत्युंजय प्रभाकर ने संगीत को,फिल्म के लिए सहायक बताया है। राजस्थान पत्रिका के रामकुमार सिंह के हिसाब से गीत-संगीत औसत हैं। टेलीग्राफ में प्रीतम डी.गुप्ता और निखत काजमी को फिल्म का संगीत निराशाजनक लगा है। विशाल ठाकुर को विश्वास है कि लाउड और पब क्लास वालों को संगीत पसंद आएगा।

स्टेट्समैन में एम. पॉल,मेल टुडे में विनायक चक्रवर्ती और अजय ब्रह्मात्मज को,बिलीव इट ऑर नॉट टाईप इस फिल्म में शाहिद मैच्योर दिखे हैं। प्रतीम डी. गुप्ता,निखत काजमी और चंद्रमोहन शर्मा ने शाहिद , वीर दास , म्यांग चांग और अनुष्का शर्मा को कैरेक्टर में एकदम फिट माना है,हालांकि मेल टुडे ने शाहिद के चक्कर में इनके रोल को छोटा किया गया माना है। मगर राजेश यादव ने लिखा है कि शाहिद कपूर ने फिल्म कमीने में जितना बेहतर अभिनय किया था इस फिल्म में उसके आसपास भी नजर नहीं आते । राजेश यादव को मियांग चैंग और वीर दास ने प्रभावित किया है। मृत्युंजय प्रभाकर ने चारों मुख्य कलाकारों की तारीफ की है।
90 के दशक की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में इस बात का कोई एक्सप्लानेशन नहीं है कि कैसे चार बेरोजगार अमरीका जाने में कामयाब हुए,वहाँ कारोबार शुरु किया और बैंक से लाखों डॉलर लोन लेने में भी कामयाब हो गये! छह दिन में लिखी गई कहानी का यही हश्र होना था। एम.पॉल कहते हैं कि फिल्म का आधा नुकसान तो कहानी को 1990 की पृष्ठभूमि पर आधारित करने से हुआ है। शुरुआती दृश्यों में अनुष्का ने शाहिद को चूमने में खूब समय बिताया है। परन्तु,रामकुमार सिंह दो टूक लिखते हैं कि अमरीका की लोकेशन्स,जुआघर और समंदर किनारे जिस्म उघाडे पडी कन्याओं से कहानी नहीं बुनी जा सकती। उन्होंने इसे कुल मिलाकर एक दुखद अनुभव बताया है। आधी-अधूरी स्क्रिप्ट लेकर फिल्म बनाने के निराश हिंदुस्तान टाइम्स के मयंक शेखर ने इसे दो स्टार दिए हैं। मगर अजय ब्रह्मात्मज को,पहली फिल्म के निर्देशक के तौर पर परमीत सेठी का नैरेटिव इंटरेस्टिंग लगा है। उन्होंने इसे बासी विषय के बावजूद ताजगी का एहसास देने वाली फिल्म मानते हुए ढाई स्टार दिए हैं। राजेश यादव ने भी इसे मनोरंजन के नाम पर छलावा बताते हुए केवल ढाई स्टार दिए हैं। विनायक चक्रवर्ती ने लिखा है कि ज़रूरत से ज्यादा चालाकी दिखाने वाली यह फिल्म ओशियंस इलेवन से प्रेरित है मगर बंटी और बबली के भी आसपास नहीं है। वे साफ कहते हैं कि घर पहुंचने से काफी पहले आप भूल चुके होते हैं कि आपने फिल्म में क्या देखा। महत्वाकांक्षा की सरलीकृत प्रस्तुति के कारण उन्होंने भी इसे ढाई स्टार के ही लायक माना है। एम.पॉल पूछते हैं कि चालबाजी देखने आया दर्शक अच्छे-बुरे का फर्क(इंटरवल के बाद) क्यों समझना चाहेगा? उनकी ओर से भी फिल्म को मिले सिर्फ ढाई स्टार। निखत काजमी का कहना है कि फिल्म बंटी और बबली के करीब न सही,मगर इसमें काफी कुछ देखने लायक है। इसलिए उनकी ओर से मिले तीन स्टार। चंद्रमोहन शर्मा ने भी यह मानते हुए कि इस फिल्म में बिजनेस के ऐसे कई आइडियाज हैं जिनके बारे में आपने सुना भले हो,मगर उसका अंजाम नहीं देखा होग,इसे तीन स्टार दिये हैं। फ्रेश आइडिया,बढिया अभिनय और अच्छे संगीत के कारण विशाल ठाकुर ने इसे मस्त श्रेणी के बीचो बीच रखा है जिसे सर्वाधिक साढे तीन स्टार के बराबर माना जा सकता है। अंत में, प्रीतम डी. गुप्ता की टिप्पणी जो ध्यान दिलाते हैं कि यशराज बैनर जिसे चाहे फिल्म में लेने की हैसियत रखता है,उसके पास सबसे बढिया डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और तकनीकी साधन हैं,फिर भी हाल के वर्षों में उनकी सारी पेशकश औसत दर्जे की रही है। कमजोर प्रेमकथा और औसत अभिनय भी चलता है मगर बेवकूफाना हरकत कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है!

Sunday, May 2, 2010

हाउसFOOL

हास्य फिल्मों के हाउसफुल जाने का सिलसिला बहुत पुराना है। हृषिकेश मुखर्जी,मनमोहन देसाई और प्रकाश मेहरा के बाद,हाल के वर्षों में प्रियदर्शन और हीरानी ने अच्छी हास्य फिल्में बनाई हैं। डेविड धवन की ब्रेनलेस हास्य वाली कुछ फिल्मों ने भी ज़बरदस्त बिजनेस किया है। इसी क्रम में ताजा प्रयास है- हे बेबी के निर्देशक साजिद खान का हाउसफुल। अक्षय कुमार,रितेश देशमुख, दीपिका पादुकोण, लारा दत्ता, बोमन ईरानी, अर्जुन रामपाल, जिया खान, रणधीर कपूर,चंकी पांडे और मलाइका अरोड़ा अभिनीत इस फिल्म में गीत है समीर और अमिताभ भट्टाचार्य का। 155 मिनट की इस फिल्म को सेंसर ने दिया है यू/ए सर्टिफिकेट।
यह कहानी है लूजर अक्षय कुमार की जिसे यकीन है कि सच्चा प्यार मिलने से उसकी बदनसीबी दूर होगी। मगर जब-जब वह प्यार में पड़ता है,बदनसीबी दस्तक देती है और प्रेमिका उसे छोड़ कर चल देती है। फिर उसे मिलती है दीपिका जो उससे प्यार भी करती है मगर दीपिका को उसके भाई-मिलीट्रीमैन अर्जुन रामपाल के चंगुल से कैसे छुड़ाया जाए और रितेश-लारा के बुने झूठ से कैसे निकला जाए,पूरी कहानी इसी के इर्द-गिर्द घूमती है।

अच्छी स्टोरी,कसा स्क्रीनप्ले और मधुर संगीत मनोरंजन के लिए ज़रूरी होता है। मगर यह मूवी दर्शकों को निराश करती है। वेब दुनिया लिखता है कि साजिद खान ने एंटरटेनमेंट के नाम पर कुछ ज्यादा ही छूट ले ली है। स्टेट्समैन में एम.पॉल ने लिखा है कि फिल्म की प्रस्तुति समझ से परे और बहुत थका देने वाली है और कहानी का अंदाजा पहले ही लग जाता है। मेल टुडे में विनायक चक्रवर्ती लिखते हैं कि फिल्म में फिक्शन का तत्व दीपिका की कमर से भी पतला है। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर ने भी माना है कि एक बदकिस्मत इंसान और पनौती के फर्क को दिखाने में पूरी ईमानदारी नहीं बरती गई है। राजस्थान पत्रिका में रामकुमार सिंह ने तो यहां तक लिखा है कि साजिद खान जितने सतही और कामचलाऊ हास्यबोध वाले कलाकार टीवी पर नज़र आते हैं, उसी छवि का विस्तार उन्होंने अपनी फिल्म में किया है।

फिल्म में अक्षय पंजाबी ,दीपिका और अर्जुन रामपाल तेलुगू, रितेश मराठी,लिलेट दुबे उर्दू, जिया खान सिंधी और बोमन इरानी गुजराती शैली में बोलते हैं। लारा दत्ता की हिंदी पर भी गुजराती शैली का प्रभाव है। चंकी पांडे इटालियन शैली में हाजिर हैं। मगर इतनी वेरायटी के बावजूद बात नहीं बनी। इंडियन एक्सप्रेस में शुभ्रा गुप्ता को किसी का अभिनय पसंद नहीं आया। खासकर अक्षय से वे पूछती हैं कि आख़िर वे कब तक एक जैसे रोल करते रहेंगे। दैनिक जागरण में अजय ब्रह्मात्मज को अक्षय,रितेश और लारा की एक्टिंग पसंद आई है और उन्हें दीपिका तथा जिया खान ने निराश किया है। दूसरी तरफ,वेबदुनिया को लारा और जिया पर दीपिका की एक्टिंग भारी पड़ती दिखी। वेबदुनिया को अर्जुन रामपाल हैंडसम नज़र आए हैं। दैनिक भास्कर में राजेश यादव को भी अर्जुन रामपाल का काम संजीदा लगा है। मगर नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा को अर्जुन रामपाल हंसाने की बजाए टेंशन देकर चले गए। उन्हें सारी हीरोइनें अभिनय की बजाए ब्यूटी परोसती नज़र आईं। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर को रितेश के अभिनय में वेरायटी नज़र आई है। टाइम्स ऑफ इँडिया में निखत काजमी और राजेश यादव ने अक्षय और रितेश की एक्टिंग पसंद की है। रामकुमार सिंह को चंकी पांडे जोकर लगे। हाँ,बोमन ईरानी और लिलेट दुबे के अभिनय की सबने जी खोल के तारीफ की है।
शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी कोई कमाल नहीं दिखा पाई । निखत काजमी,चंद्रमोहन शर्मा,विशाल ठाकुर,राजेश यादव और वेबदुनिया को अपनी तो जैसे तैसे का फिल्मांकन और नृत्य संयोजन लाजवाब लगा है मगर रामकुमार सिंह,विनायक चक्रवर्ती और अजय ब्रह्मात्मज को यह प्रस्तुति आकर्षक नहीं लगी है। शर्मा जी ने और रामकुमार जी ने वॉल्यूम कम कर पप्पा जग जाएगा को भी सुनने लायक बताया है। निखत काजमी और वेबदुनिया की टिप्पणी है कि फिल्म के गाने सिर्फ देखते समय ही अच्छे लगते हैं। विशाल ठाकुर ने ओ गर्ल यू आर माइन को पसंद किया है।

शुभ्रा गुप्ता लिखती हैं कि ऐसी फिल्मों में नॉन-स्टॉप हंसी का माहौल बनाए रखा जाता है ताकि दर्शकों का ध्यान अन्य पहलुओं पर जा ही न पाए और एक्टर भी ऐसे चाहिए जो हंसा सकें। मगर फिल्म बोझिल है-खासकर इंटरवल के बाद। लिहाजा उन्होंने दिये सिर्फ दो स्टार। अजय ब्रह्मात्मज ने भी माना है कि कुछ दृश्य गुदगुदाते तो हैं मगर जब तक आप हंसे,दृश्य गिर जाते हैं। उन्होंने इसे कॉमेडी के नाम पर एरर बताते हुए सिर्फ दो स्टार दिये हैं। हिंदुस्तान टाइम्स में मयंक शेखर लिखते हैं कि साजिद खान ने जिन फिल्मकारों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की है,वे बीच में ही कहीं खो गए लगते हैं। उन्होंने भी इसे दो स्टार के ही लायक माना है। विनायक चक्रवर्ती कहते हैं कि साजिद खान ने अपनी प्रेरणा का स्त्रोत जिन सात लोगों को बताया है,उनमें डेविड धवन का नाम नहीं है जबकि हास्य के लिए कई शादियों के फार्मूले को डेविड धवन कई साल पहले,साजन चले ससुराल में आजमा चुके हैं। उन्होंने इसे नो-ब्रेनर सर्कस करार दिया है जिसमें कुत्ते,बाघ और बंदर ने ऐसी एक्टिंग की है मानो स्क्रिप्ट की बाकी अभिनेताओं से बेहतर समझ उन्हें ही रही हो। उनकी ओर से फिल्म को मिले ढाई स्टार। वेबदुनिया के अनुसार,इसमें उम्मीद के मुताबिक धमाल न सही,मगर टाइमपास होने लायक मसाला है और फिल्म को अश्लीलता तथा फूहड़ता से भी बचाए रखा गया है,लिहाजा-ढाई स्टार। स्टेट्समैन में एम.पॉल ने लिखा है कि यह फिल्म हे बेबी से कहीं बेहतर है मगर क्लाइमैक्स से बहुत पहले चुक जाती है। फिर भी,चूंकि इसमें कई मज़ेदार वन-लाइनर हैं इसलिए उनकी ओर से भी ढाई स्टार। राजेश यादव को उम्मीद है कि आईपीएल के बाद यह फिल्म सचमुच हाउसफुल जा सकती है क्योंकि इस में कई ऐसी बातें है जो सिनेमाहॉल में दर्शक का भरपूर मनोरंजन करती हैं। सो उनकी तरफ से मिले तीन स्टार। निखत काजमी को लगता है कि यह फिल्म आईपीएल से मुक्त हो चुके दर्शकों को पूरी तरह पसंद नहीं आएगी मगर इसमें हास्य के तत्व हैं,इसलिए तीन स्टार।चंद्रमोहन शर्मा के अनुसार, इस फिल्म में हर वह मसाला है जिसे बॉक्स ऑफिस पर हमेशा हिट माना गया है। कहानी का भटकाव तो उन्होंने भी स्वीकार किया है मगर यह मानते हुए कि हिंदी फिल्म में कहीं भी कुछ हो सकता है की मानसिकता से देखने पर फिल्म एंज्वॉयमेंट देती है,इसे सर्वाधिक साढे तीन स्टार दिए हैं। विशाल ठाकुर ने भी इस फिल्म में कॉमेडी के डोज को "टाइमपास से ज्यादा" बताते हुए मस्त श्रेणी के ठीक बीचोबीच रखा है जिसे साढे तीन स्टार माना जा सकता है। अंत में, रामकुमार सिंह की टिप्पणी जो लिखते हैं कि अगर आपको यह भ्रम है कि बडे बैनर और अक्षय कुमार जैसे स्टार के साथ रिलीज यह फिल्म महीनों बाद की बॉक्स ऑफिस की मायूसी तोडने वाली साबित होगी तो आप सही हैं लेकिन आपकी खुशी उतनी देर तक रहेगी जब तक आप थियेटर के बाहर हैं।

Tuesday, April 27, 2010

इस "अपार्टमेंट" से बेघर भले

अपार्टमेंट के निर्देशक जगमोहन मूंधरा बवंडर और प्रोवोक्ड वाले नहीं हैं। ये मूंधरा हैं LA Goddess, Sexual Malice और Tropical Heat वाले। आपने सुना है इन फिल्मों के बारे में क्या? चलिए कोई बात नहीं। बाद में उन्होंने कामसूत्र और शूट ऑन साइट बनाई जिसे अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा के रूप में प्रचारित किया गया। इन फिल्मों के बारे में आपने थोड़ा सुना होगा । वही मूंधरा इस बार लाए हैं अपार्टमेंट। तनुश्री दत्ता,नीतू चन्द्रा,रोहित राय,अनुपम खेर,बॉबी डार्लिंग,मुश्ताक खान,नसार अब्दुल्लाह अभिनीत इस फिल्म के गीत लिखे हैं सईद गुलरेज ने। संगीत है बप्पी दा का। 108 मिनट की इस फिल्म को सेंसर ने ए सर्टिफिकेट दिया है।
मूंधरा की पिछली फिल्मों की ही तरह इस फिल्म में भी महिलाएं केंद्रीय भूमिका में हैं। फिल्म में तनुश्री एक एयरहोस्टेस बनी है जो अपने ब्वॉयफ्रेंड रोहित राय के साथ एक अपार्टमेंट में रहती है। रोहित एक विज्ञापन कंपनी में मैनेजर हैं जिन्हें लड़कियों से अफेयर के कारण तनुश्री उसे फ्लैट से निकाल देती है। अब तनु को फ्लैट के ईएमआई के लिए पैसा चाहिए। सो वह फ्लैट का एक कमरा नीतू चंद्रा को किराए पर देती है। नीतू एक छोटे से शहर से,मुंबई पहुंची है-बड़े सपने लेकर। मुंबई के इस अपार्टमेंट में उनके पड़ोसी हैं-कवि और गीतकार अनुपम खेर। तन्हा के साथ है उनकी बिल्ली-शहजादी। अनुपम खेर भी परेशान हैं क्योंकि प्रोड्यूसर चाहता है कि वे चोली के पीछे जैसे गाने लिखें। फिल्म के अंत में, सीधी-सादी दिखने वाली नीतू का दूसरा चेहरा तनु के सामने आता है जब नीतू अनुपम खेर की हत्या कर देती है। कुल मिलाकर,मूवी ऐसे वर्क कल्चर को दर्शाती है, जहां हर कोई नैतिक मूल्यों को दरकिनार कर शॉर्टकट से अपनी मंजिल पाना चाह रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया में निखत काजमी ने नीतू चंद्रा के कारण ही इस फिल्म को देखने लायक बताया है। नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा लिखते हैं कि दो महिला किरदारों के आसपास घूमती इस मूवी में नीतू निश्चित तौर से तनुश्री पर भारी पड़ी हैं। उन्होंने अनुपम खेर के अभिनय को ठीक-ठाक बताया है मगर दैनिक भास्कर ने अनुपम खेर के अभिनय की तारीफ की है।
सबने माना है कि इस फिल्म में गानों की जरूरत नहीं थी मगर मूंधरा को नौ-नौ गाने फिट करना ठीक लगा। चंद्रमोहन शर्मा लिखते हैं कि इस छोटी सी कहानी को जगमोहन शुरू से ही पटरी पर नहीं ला पाए हैं और शायद इसी वजह से उन्होंने गानों का सहारा लिया है। मगर बप्पी दा का एक भी गाना ऐसा नहीं है जो हॉल से बाहर गुनगुनाया जा सके। ओ जाने जान जान और टाइटिल सांग ये है मुंबई को अच्छे फिल्मांकन के कारण कुछ हद तक बर्दाश्त किया जा सकता है।
हिंदुस्तान टाइम्स में मयंक शेखर ने इसे 2004 की थर्ड क्लास फिल्म गर्लफ्रेंड जैसी बताते हुए केवल एक स्टार के बराबर माना है। दैनिक भास्कर लिखता है कि फिल्म को थ्रिलर के रूप में प्रचारित किया गया मगर इसमें थ्रिलर का कोई मसाला नहीं है। पत्र की ओर से फिल्म को मिले सिर्फ डेढ स्टार। इंडियन एक्सप्रेस में शुभ्रा गुप्ता ने फिल्म की कहानी को चुराई हुई बताया है । तिस पर से घटिया एक्टिंग तथा रद्दी गाने। लिहाजा केवल दो स्टार। मेल टुडे में विनायक जबर्दस्त गुस्से में हैं। लिखते हैं कि यह फिल्म बिना निर्देशक के बनी लगती है और ऐसी फिल्म की समीक्षा तो दूर,इसके बारे में बात तक की जानी चाहिए या नहीं,इस पर भी विचार करने की जरूरत है। तब भी उन्होंने दो स्टार दे ही दिए। निखत काजमी की टिप्पणी है कि यह फिल्म तभी देखी जा सकती है जब आप इसके हॉलीवुड संस्करण सिंगल ह्वाइट वीमन न देखने का वायदा करें। उन्हें यह फिल्म तीन स्टार के बराबर लगी है। चंद्रमोहन शर्मा ने भी इसे फैमिली क्लास और एंटरटेनमेंट की चाह रखने वालों को अपसेट करने वाली मूवी बताने के बावजूद तीन स्टार दिए हैं।

Monday, April 19, 2010

फूंक-2:फूंक दो

क्या आपको कौए से डर लगता है? यदि नहीं ,तो रामगोपाल वर्मा आपके लिए लाए हैं फूंक-2। यह फिल्म उन्होंने निर्देशित तो नहीं की है मगर बनी है उन्हीं के बैनर तले । सुदीप, अमृता खानविलकर, नीरू सिंह, एहसास चानना, अश्विनी कलसेकर, अनु अंसारी, गणेश यादव, जाकिर हुसैन, विकास श्रीवास्तव, जीवा और अमित साध के अभिनय वाली इस फिल्म का निर्देशन किया है मिलिंद गदगकर ने जो इस फिल्म के लेखक भी हैं। भुतहा फिल्म है इसलिए पार्श्व संगीतकार का नाम बताना जरूरी है। ये हैं राहुल पंडीरकर।
फिल्म की कहानी वहीं से शुरू होती है जहां पहला संस्करण समाप्त हुआ था। पिछली फिल्म में काले जादू और तंत्र - मंत्र की ताकत से मधु ( अश्विनी कालेसकर ) राजीव ( सुदीप ) की बेटी रक्षा ( अहसास चानना ) को अपने वश में कर लेती है। राजीव एक तांत्रिक की मदद से मधु को उसके अंजाम तक पहुंचाता है। राजीव अब पुराना घर छोड़कर समुद्र किनारे बने बंगले में रक्षा और बेटे रोहन ( रिषभ जैन ), पत्नी आरती ( अमृता खानविलकर ) के साथ नई जिंदगी शुरू करता है। उधर , मधु मरने के बाद राजीव और उसकी फैमिली से बदला लेने के लिए गुडि़या में समा जाती है। खेल के दौरान रक्षा की नजर इस खूबसूरत गुडि़या पर पड़ती है और वह इसे घर ले जाती है। यहीं से शुरु होता है राजीव की खुशहाल जिंदगी में खौफनाक साये का प्रवेश और अपनों की हत्या का सिलसिला। राजीव तांत्रिकों के जरिए इस मुसीबत से निजात पाने की कोशिश करता है लेकिन भूतनी तांत्रिकों को ही उडा देती है।

टाइम्स ऑफ इंडिया में निखत काजमी ठीक लिखते हैं कि जिसने फूंक न देखी हो उसे पता ही नहीं चलेगा कि मधु कौन और सुदीप के परिवार की खून की प्यासी क्यों है। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर लिखते हैं कि मिलिंद दूसरे संस्करण में उतनी मुस्तैदी नहीं बरत सके और उन्होंने कहानी शुरू करने के चक्कर में ही फिल्म को इंटरवल तक लटकाए रखा। नभाटा में चंद्रमोहन शर्मा ने लिखा है कि काश,पब्लिसिटी की बजाए स्क्रिप्ट पर ध्यान दिया गया होता। उनके अनुसार,खासकर क्लाइमेक्स इतना लंबा है कि दर्शक उकताने लगता है।
विशाल ठाकुर को सुदीप के साथ अमृता की केमिस्ट्री जमी है। उधर,दैनिक भास्कर में राजेश यादव और मेल टुडे में विनायक चक्रवर्ती के अनुसार,यह फिल्म केवल बाल कलाकार एहसास चानना के अभिनय के लिए देखी जा सकती है। । मगर नभाटा में चंद्रमोहन शर्मा लिखते हैं कि पिछली बार डराने में लगी बेबी एहसास चानना इस बार खुद डरती है। उन्हें अमृता खानविलकर का रोल पसंद आया है। निखत काजमी को लगा है कि तमाम कोशिश के बावजूद सुदीप रण जितना प्रभावित नहीं करते।
विनायक चक्रवर्ती लिखते हैं कि कैमरा वर्क ऐसा है मानो कैमरामैन नशे में हो। वे कहते हैं कि विश्वास नहीं होता कि ये उसी रामगोपाल वर्मा के बैनर की फिल्म है जिसने 1993 में रात बनाई थी जिसे बॉलीवुड की सबसे अच्छी हॉरर फिल्म माना जा सकता है।

अगर आपने फूंक और अज्ञात देखी हो,तो आप आसानी से समझ सकते हैं कि रामगोपाल वर्मा का डराने का फंडा क्या होता है। यह फंडा है तेज़ साउंड इफेक्ट का और अजीबोगरीब चेहरे को अचानक क्लोजअप में दिखाने का। ऐसी फिल्मों में कहानी से ज्यादा हॉरर पक्ष पर जोर दिया जाता है। मगर दैनिक जागरण में अजय ब्रह्मात्मज ने साफ लिखा है कि कहानी में घटनाएं रहेंगी, तभी तकनीक से उन्हें खौफनाक बनाया जा सकेगा। उन्हें यह फिल्म एक स्टार के बराबर लगी है। रिपीट कैमरा एंगल और सीक्वल जैसा दम न होने के कारण हिंदुस्तान ने इसे सुस्त श्रेणी में रखा है जिसे डेढ स्टार के बराबर माना जा सकता है। दैनिक भास्कर में राजेश यादव लिखते हैं कि हॉरर फिल्म का दर्शक आत्मा और मनुष्य का संघर्ष ढूंढता है लेकिन फूंक-2 न सिर्फ निराश करती है बल्कि एक दो बार तो साउंड इफेक्ट का प्रभाव डराने की बजाए हंसने पर मजबूर कर देता है। उनकी ओर से फिल्म को मिले दो स्टार। विनायक चक्रवर्ती लिखते हैं कि फूंक में डराने की कोशिश की गई थी मगर फूंक-2 में वह कोशिश भी कहीं नहीं दिखती। लिहाजा उन्होंने भी फिल्म को दिए दो स्टार। इंडियन एक्सप्रेस में शुभ्रा शर्मा को शक है कि कुछेक दृश्य एकाध जापानी फिल्मों की नकल हैं। उन्होंने बच्चों को इस फिल्म से दूर रखने की हिदायत देते हुए इसे दो स्टार दिए हैं। चंद्रमोहन शर्मा लिखते हैं कि अगर भूत देखकर हंसने का इरादा हो,तभी यह फिल्म देखिए। उनकी ओर से फिल्म को ढाई स्टार। निखत काजमी ने इसे ओरिजिनल फूंक से बेहतर बताते हुए ढाई स्टार दिया है। एशियन एज ने चुटकी ली है कि इस फिल्म की हर भूतनी को बालकनी का झूला प्रिय है। अखबार ने ध्यान दिलाया है कि यह वही फिल्म है जिसे हॉल में अकेले देखने पर रामगोपाल वर्मा ने 5 लाख रूपए की ईनाम देने की घोषणा की थी। अगर वे अपनी शर्त पर कायम रह सकें,तो अगले कई हफ्तों तक उन्हें चेक साईन करने से फुरसत नहीं मिलेगी। फिर भी,एशियन एज ने इस फिल्म को अधिकतम 3 स्टार दिए हैं। इस बीच खबर आई है कि रामगोपाल वर्मा फूंक-2 को अकेले देखने की हिम्मत जुटाने वाले हितेश शर्मा को अपनी फूंक-3 में रोल देने जा रहे हैं। यानी,इंतजार करिए फूंक के एक और सीक्वल का ! निखत काजमी ने कहा है कि बॉलीवुड की हॉरर फिल्मों का स्तर ऊपर उठाने की ज़रूरत है। क्या रामगोपाल वर्मा सुन रहे हैं?

Saturday, April 17, 2010

पाठशालाःकुछ भी सीखने को नहीं

काफी प्रोमोशन के बाद आखिरकार शाहिद की पाठशाला रिलीज हो गई । 129 मिनट की इस फिल्म में उनके साथ हैं आयशा टाकिया,नाना पाटेकर,अंजन श्रीवास्तव,सौरभ शुक्ला और सुष्मिता मुखर्जी,स्वीनी खेरा,द्विज यादव। निर्देशन है मिलिन्द उके का और गीत-संगीत हनीफ शेख का। लेखन व पटकथा अहमद खान का है। नाम के अनुरूप ही सेंसर सर्टिफिकेट मिला है-यू।

फिल्म में हैं सरस्वती विद्या मंदिर के प्रिंसिपल आदित्य सहाय ( नाना पाटेकर ) । फर्स्ट डिवीजनर थे,चाहते तो डाक्टरी,इंजीनियरी की लाईन चुन सकते थे मगर चुनी शिक्षा की लाइन ताकि देश की भावी पीढ़ी का भविष्य संवार सकें। शादी भी यह सोचकर नहीं की कि कहीं परिवार के कारण स्कूल के छात्रों से उनकी दूरियां न बढ़ जाएं। लेकिन बदलते समय के साथ,स्कूल प्रबंधन और ट्रस्टी ने स्कूल को अब मुनाफा कमाने का ज़रिया बना लेते हैं। स्कूल परिसर में चैनलों और फिल्मों की शूटिंग होने लगी और छात्रों को पढाई छोड़ इन शोज में भीड़ का हिस्सा बनना पड़ता है। ज्यादा कमाई के चक्कर में हॉस्टल में भोजन शुल्क दोगुना कर दिया जाता है और फीस भी काफी बढ़ा दी गई है। फिर,जैसा कि प्रायः फिल्मों में होता है,युवा चेहरे की एंट्री के साथ ही स्थितियां बदलने लगती हैं। यह युवा चेहरा है स्कूल के अंग्रेजी टीचर राहुल प्रकाश ( शाहिद कपूर ) का जो हॉस्टल प्रभारी अंजलि माथुर ( आयशा टाकिया ) और सीनियर स्पोर्ट्स टीचर चौहान ( सुशांत सिंह ) छात्रों को साथ लेकर प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन शुरू करता हैं।

इसमें शक नहीं कि देश में शिक्षा और बच्चों को केंद्र में रखकर फिल्म बनाने की सख्त आवश्यकता है। आज बच्चों का बचपन गुम हो रहा है और खुद माता-पिता भी चाहते हैं कि उनके बच्चे रॉकस्टार बन जाएं तो अच्छा। पाठशाला इन्हीं मुद्दों को उठाती है। मोहब्बतें,तारे ज़मीं पर और थ्री इडियट्स से इतर, इस फिल्म में शिक्षा के नाम पर पब्लिक स्कूलों में चल रही लूटखसोट के अलावा स्कूल मैनेजमेंट के सामने असहाय प्रिंसिपल को दिखाया गया है।

एक केंद्रीय विषय के रूप में,बॉलीवुड में यह विषय शायद पहली बार उठाया गया है। मगर नेक इरादा ही काफी नहीं होता। ऐसे महत्वपूर्ण विषय के लिए जितनी कसी पटकथा होनी चाहिए,उसका यहां सख्त अभाव है। एशियन एज में सुपर्णा शर्मा लिखती हैं कि इसकी कहानी इतनी ढीली है और आगे के दृश्यों का पूर्वानुमान लगाना इतना सहज है कि मुद्दे की गंभीरता कमज़ोर पड़ जाती है। मेल टुडे में विनायक चक्रवर्ती लिखते हैं कि इस फिल्म की पटकथा औंधे मुंह गिरती है-खासकर मध्यांतर के बाद। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर लिखते हैं कि फिल्म पर मुद्दा हावी रहा और कहानी कहीं है ही नहीं। नई दुनिया में मृत्युंजय प्रभाकर लिखते हैं कि पाठशाला इस विषय को संवेदनशील तरीके से सामने लाती है कि छात्रों को दरअसल एक स्कूल से क्या चाहिए। फिल्म अपने विषय की गंभीरता के कारण लोगों को जो़ड़ती तो है लेकिन बहुत देर तक बांध नहीं पाती। एक समय के बाद पटकथा और निर्देशक का फोकस खो जाता है। फिल्म को सारे पात्र अपनी भूमिका से आगे ब़ढ़ाते हैं चाहे वह शिक्षक हों या छात्र लेकिन पटकथा की कमजोरी और फिल्म को समेटने की हड़बड़ी इसे बेमज़ा कर देती है।

मृत्यंजय प्रभाकर ने लिखा है कि शाहिद के काम में विश्वसनीयता है लेकिन उनका चॉकलेटी चेहरा आ़ड़े आता है। ऊपर से फिल्म में उन्हें जिस तरह के वस्त्र पहनाए गए हैं वह किसी मजनू के ज्यादा और स्कूल टीचर के कम लगते हैं। नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा को शाहिद का रोल ठीक लगा है। उनके हिसाब से,नाना अपनी गुस्सैल इमेज से बाहर नहीं निकल पाए मगर आएशा और सुशांत कुछ प्रभावित करते हैं। उनके अलावा,सुपर्णा शर्मा ने भी मास्टर द्विज यादव,अविका गौड़ और मास्टर अली हाजी के रोल को पसंद किया है। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर का कहना है कि शाहिद की बॉडी लैंग्वेज टीचर की लगती ही नहीं है। उनके हिसाब से,आयशा टाकिया फ्रेश लगी हैं और सौरभ शुक्ला एकमात्र ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने शुरू से अंत तक बांधे रखा। और नाना पाटेकर जैसी स्टारकास्ट के बावजूद इन दोनों कलाकारों का एक भी दृश्य ऐसा नहीं है जिसे याद रखा जा सके। मगर दैनिक जागरण में अजय ब्रह्मात्मज ने लिखा है कि सारे कलाकार ढीले-ढाले और थके-थके से हैं और यह फिल्म इनके निकृष्ट परफार्मेंस के लिए याद रखी जा सकती है।

फिल्म के दो गाने ऐ खुदा और कैलाश खेर का गाया तेरी मर्जी जाने खुदा अच्छे लगते हैं।

मृत्युंजय प्रभाकर लिखते हैं कि एक दिन की छात्र ह़ड़ताल से सरकार को हिलते हुए देखना अविश्वसनीय लगता है। ऊपर से मुद्दे को उठाने के लिए मीडिया का इस्तेमाल भी दूर की कौ़ड़ी है। हम सभी जानते हैं कि यह वही मीडिया है जिसे भूत-प्रेत और दूसरे मनोरंजन वाले खबरों में ज्यादा भरोसा है। लंबे बोझिल दृश्यों और कई अन्य भटकावों के कारण विशाल ठाकुर ने इसे पकाऊ और सुस्त के बीच रखा है जिसे एक स्टार के बराबर माना जा सकता है। दैनिक जागरण ने भी इसे एक स्टार दिया है। स्कूल में टीवी चैनलों वाले दृश्यों पर हिंदुस्तान टाइम्स में मयंक शेखर लिखते हैं हमारे फिल्म निर्माता दिन भर टीवी ही देखकर बिताते हैं ताकि कोई प्लॉट निकाल सकें इसलिए फिल्म में भी टीवी चैनल का मोह छोड़ नहीं पाए। वे व्यंग्य करते हैं कि यह फिल्म कपिल सिब्बल जी से ज्यादा अंबिका सोनी जी को पसंद आयेगी। उनकी ओर से भी इस फिल्म को मिले केवल एक स्टार। इंडियन एक्सप्रेस में शुभ्रा गुप्ता ने कथानक का पूर्वानुमान सहज होने के कारण फिल्म को दो स्टार दिए हैं। विनायक चक्रवर्ती कहते हैं कि यदि पेशेवर तरीके से हैंडल किया गया होता तो पाठशाला बनाने का ख्याल बुरा नहीं था। उन्होंने इसे ढाई स्टार के दिए हैं। सुपर्णा शर्मा लिखती हैं कि इस फिल्म में बुद्धि पर भावना को तरजीह दी गई है। उन्होंने उस दृश्य का हवाला देकर,फीस के अभाव में एक बच्चे को दिन भर धूप में खड़ा रहने की सज़ा दी जाती है और शाहिद उसकी फीस भरते हैं,बहुत मार्मिक बताते हुए इसे तीन स्टार दिया है। नभाटा ने भी,मौजूदा शिक्षा व्यवस्था की खामियों, पब्लिक स्कूलों द्वारा की जा रही लूट-खसोट तथा शिक्षकों के मूकदर्शक बने रहने की असरदार प्रस्तुति के आधार पर इसे तीन स्टार दिए हैं।

Monday, April 12, 2010

द जैपनीज वाइफ

द जैपनीज वाइफ कोई दो साल पहले बनी थी और दुनिया भर के फिल्म फेस्टिवल में सराहे जाने के बावजूद भारत में यह इस हफ्ते रिलीज हुई है। राहुल बोस,चिगुसा तकाकू,राइमा सेन और मौसमी चटर्जी अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन किया है अपर्णा सेन ने। कुणाल बसु के उपन्यास(लघु कथा) पर बनी इस फिल्म की अवधि है दो घंटे।
फिल्म सुंदरबन के एक छोटे से गांव के स्कूल शिक्षक स्नेहमय(राहुल बोस) की कहानी बयां करती है। स्नेहमय जापान में किराने की दुकान चलाने वाली मियागी(चिगुसा तकाकू) को अपना पत्र-मित्र बनाता है। पत्र के जरिए ही दोनों मिलते हैं,प्रेम करते हैं और फिर शादी भी हो जाती है। मगर वास्तविक जीवन में,अपने-अपने कारणों से,दोनों मिल नहीं पाते। भाषा,विश्वास,संस्कृति और परम्पराओँ का अंतर तो है,मगर प्यार और भावनाएँ फिर भी बनी रहती हैं-स्नेहमय के जीवन में विधवा संध्या(राइमा सेन) के प्रवेश के बावजूद।
लगभग दो दशकों की कहानी दिखाने वाली इस फिल्म की सिनेमैटोग्राफी को सबने सराहा है।
मेल टुडे में विनायक चक्रवर्ती लिखते हैं कि अपर्णा सेन 36 चौरंगी लेन और मिस्टर एंड मिसेज अय्यर में भी दिखा चुकी हैं कि उनमें मूल कथा को केंद्रीय थीम बनाए रखने का शानदार हुनर है और इस फिल्म में भी कथा कहने की उनकी शैली अद्भुत है। नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा लिखते हैं कि चंद सिंपल किरदारों पर बनी फिल्म की सुस्त रफ्तार भी दर्शकों को अगर फिल्म से शुरू से आखिर तक बांध पाती है , तो इसका केडिट अपर्णा सेन के सशक्त निर्देशन को जाता है। समुद्र किनारे बसे सुंदरवन गांव के परिवेश और ग्रामीण माहौल को अपर्णा ने बेहद सटीक ढंग से पेश किया है। मगर हिंदुस्तान टाइम्स में मयंक शेखर कहते हैं कि 30 से ज्यादा फिल्में बना चुकीं अपर्णा की शायद यह पहली फिल्म है जिसकी पटकथा इतनी कमज़ोर है।
टाइम्स ऑफ इँडिया में निखत काजमी ने राहुल बोस के अभिनय और बंगाली शैली वाले उच्चारण की जमकर तारीफ की है। इंडियन एक्सप्रेस में शुभ्रा गुप्ता का कहना है कि राहुल की डायलॉग डिलीवरी वायस ओवर के कारण लाउड हो गई है। उन्होंने राइमा सेन का रोल काफी छोटा होने की ओर भी इशारा किया है हालांकि हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर का कहना है कि चार-पांच डायलॉग के बावजूद,अपने हाव-भाव से ही राइमा ने बहुत-कुछ कह दिया है। मयंक शखर ने इसे राहुल बोस की अब तक की सबसे बढिया एक्टिंग कहा है।
विशाल ठाकुर कहते हैं कि कहानी और पटकथा फिल्म में उत्सुकता पैदा करते हैं मगर विनायक चक्रवर्ती कहते हैं कि फिल्म की कहानी किसी लघुकथा जैसी है और भारतीय दर्शक फीचर फिल्म से ऐसी अपेक्षा नहीं रखते।
इस फिल्म के प्रीमियर पर, शबाना आजमी पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद आईं और कह गईं कि सही मायने में अपर्णा ही सत्यजीत रे की वारॊस है। मगर समीक्षकों में इस फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया रही है। मयंक शेखर ने चुटकी लेते हुए कहा है कि फिल्म के नायक के घर ओँकारा फिल्म चलती है और टेलीविजन पर राष्ट्रीय बहसें भी होती हैं मगर बेचारे नायक के पास जापान सम्पर्क करने के लिए न तो कोई सेलफोन है,न एसएमएस का सहारा; बस,लिफाफे का ही सहारा। इंटरनेट की तो बात ही क्या! कहानी के लापता होने की शिकायत करते हुए उन्होंने इसे महज दो स्टार दिया है। शुभ्रा गुप्ता ने माना है कि यह फिल्म किसी हाइकू की तरह है जिसमें किसी बात पर ज़ोर दिए बगैर बहुत कुछ कहा गया है जो भारतीय फिल्मों में बिरले ही देखने को मिलता है । पतंग उड़ाने वाले दृश्य को शुभ्रा गुप्ता और मयंक शेखर दोनों ने फिल्म की गति में बाधक माना है। शुभ्रा गुप्ता ने इसे तीन स्टार दिया है। विनायक चक्रवर्ती की टिप्पणी है कि जो फिल्म केवल यह दिखाना चाहती हो कि बंगाल का सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश विदेशी संस्कृति का कितना सम्मान करता है,समझा जा सकता है कि दो साल तक क्यों उसे कोई खरीदार नहीं मिला। फिर भी,उनकी ओर से फिल्म को साढे तीन स्टार। चंद्रमोहन शर्मा कहते हैं कि बेशक आज की तेज रफ्तार जिंदगी के बीच इंटरनेट और वेस्टर्न कल्चर के इस दौर में ऐसी कहानी टीनएजर्स को अविश्सनीय लगे , लेकिन अपर्णा ने इसे इतने रोचक ढंग से पेश किया है कि अगर यंगस्टर्स फिल्म देखते हैं , तो उन्हें भी इस बिल्कुल अजीब दिखने वाली लव स्टोरी पर यकीन आ जाए। इसलिए उनकी ओर से भी फिल्म को साढे तीन स्टार। निखत काजमी ने यह मानते हुए कि यह फिल्म आपको एक ऐसी दुनिया में ले जाती है,शारीरिक और सांस्कृतिक दूरियों के बावजूद प्रेम और जुड़ाव बना रहता है,इसे चार स्टार दिया है। विशाल ठाकुर ने भी इसे गंभीर और अर्थपूर्ण फिल्म बताते हुए इसे मस्त और झकास के ठीक बीचोबीच रखा है जिसे चार स्टार के बराबर माना जा सकता है। हिंदुस्तान की समीक्षा अलग से देखिएः


Saturday, April 10, 2010

प्रिंसःफ़िल्म-समीक्षा

विवेक ओबेराय,अरुणा शील्ड्स,नीरू सिंह,नंदना सेन,संजय कपूर,राजेश खट्टर और दिलीप ताहिल अभिनीत प्रिंस इस हफ्ते रिलीज हुई है। दो घंटे 10 मिनट की इस एक्शन फिल्म का निर्देशन किया है म्यूजिक वीडियो के हिट निर्देशक कूकी गुलाटी(असली नाम विकास) ने। संगीत है सचिन गुप्ता का।
कहानी है शातिर चोर प्रिंस(विवेक ओबेराय) की जिसके लिए करोड़ों के हीरे चुराना भी मुश्किल नहीं। वह अपनी पार्टनर माया(अरुणा) के साथ,सारंग(इसाह) के गैंग के लिए काम करता है। मगर एक दिन अचानक उसकी याद्दाश्त चली जाती है। उधर,सारंग उन्हें एक ऐसे सिक्के की चोरी के मिशन में लगाता है जिसकी कीमत सौ करोड़ से भी ज्यादा है। इस सिक्के में एक ऐसा सिम छुपा है जिसकी मदद से किसी की भी याद्दाश्त को खत्म किया जा सकता है। सीबीआई इस सिम को हासिल करने के लिए इंस्पेक्टर खान ( संजय कपूर ) को लगाती है ताकि इसका गलत इस्तेमाल ना हो सके।
लगातार असफलता के दौर से गुज़र रहे विवेक ओबेराय के लिए इस फिल्म को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा था मगर यूनिट की तमाम मेहनत और खर्च और हॉलीवुड स्टाइल एक्शन के बावजूद,पटकथा घुमावदार होने के कारण यह फिल्म दर्शकों को बांधे रखने में सक्षम नहीं है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने फिल्म के एक्शन(एलेन अमीन) की तारीफ की है। अख़बार लिखता है कि विवेक ओबेराय पर फिल्माए गए एक्शन दृश्य विश्वसनीय लगते हैं लेकिन एक्शन दृश्यों को भी बर्दाश्त करने की सीमा होती है क्योंकि फिल्म में और चीजें भी चाहिए।

नई दुनिया में मृत्युंजय प्रभाकर जी ने लिखा है कि फिल्म में अभिनेताओं का काम भी प्रभावी नहीं है। नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा की टिप्पणी है कि बार - बार याददाश्त खोने और फिर लौट आने के दृश्यों में विवेक का अभिनय नाटकीय लगता है। हां,उनके हिसाब से, लंबे अर्से बाद नजर आए संजय कपूर सीबीआई इंस्पेक्टर के रोल में जमे हैं।

इस एक्शन फिल्म में भी निर्देशक ने रोमांटिक गीत की गुंजाइश निकाली है । फिल्म के दो गाने ओ मेरे खुदा , कौन हूं मैं रिलीज से पहले कई म्यूजिक चार्ट में टॉप पर है। चंद्रमोहन शर्मा जी ने फिल्म के गीत को टीन एजर्स की पसंद के अनुरूप बताया है। दैनिक जागरण में अजय ब्रह्मात्मज ने भी फिल्म के गीत को मधुर बताया है।

इंडियन एक्सप्रेस में शुभ्रा गुप्ता ने फिल्म के आउटडोर मात्र को देखने लायक माना है। उन्होंने इसकी रेटिंग केवल एक स्टार से की है। हिंदुस्तान टाइम्स में मयंक शेखर इस फिल्म को डेढ स्टार देते हुए ध्यान दिलाते हैं कि प्रिंस के निर्माता ही अजब प्रेम की गजब कहानी लेकर आए थे जो पिछले साल की शायद सबसे घटिया फिल्म थी मगर हिट रही; कौन जाने इस बार भी क्या हो। वेब दुनिया पर संजय ताम्रकार साफ कहते हैं कि नाम से ही कोई प्रिंस नहीं बन जाता। उन्होंने ‘प्रिंस’ को उस सुंदर शरीर की तरह बताया है जिसमें प्राण नहीं है। सो उन्होने दिए सिर्फ डेढ स्टार। फिल्म में विवेक के डायलॉग-इट्स शो-टाइम के जवाब में, मेल टुडे में विनायक चक्रवर्ती कहते हैं टाइम इज रनिंग आउट। उनका साफ कहना है कि कि महज एक्शन के बूते दर्शकों को बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने फिल्म को दो स्टार दिये हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया में निखत काजमी ने इस बात पर हैरानी जताई है कि जिस फिल्म के लिए 50 करोड़ का बजट रखा गया उसकी कहानी लिखने के लिए किसी कथालेखक को क्यों नहीं रखा गया। लिहाजा उनकी ओर से फिल्म को ढाई स्टार। अजय ब्रह्मात्मज ने भी माना है कि दो-चार प्रेम, आलिंगन और चुंबन के दृश्यों से कहानी नहीं बनती। नई तकनीक,गैजेट्स और बेहतरीन फोटोग्राफी के आधार पर नभाटा ने फिल्म को तीन स्टार दिए हैं। अजय ब्रह्मात्मज को लगा कि फिल्म देखते समय रोमांच बना रहता है, जैसे कि किशोर उम्र में हम सभी घंटों वीडियो गेम खेलते नहीं थकते और रोमांचित रहते हैं। उनकी ओर से भी फिल्म को तीन स्टार। हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर जी ने इसे एक अच्छी स्क्रिप्ट पर स्टंट के कमाल वाली एक तेज़,धारदार फिल्म माना है जो रोमांचक भी है और हॉट भी । उन्होंने इसे मस्त श्रेणी में रखा है जिसे साढे तीन स्टार के बराबर माना जा सकता है।
वैसे,इस फिल्म में विवेक के चुंबन की खूब चर्चा है । फिल्म में विवेक ओबेराय और अरुणा शील्ड्स के बीच जबर्दस्त चुंबन दृश्य फिल्माया गया है ।

Tuesday, April 6, 2010

क्लैश ऑफ द टाइटन्स/महायुद्धः फ़िल्म-समीक्षा

इस हफ्ते रिलीज हुई एक प्रमुख अंग्रेजी फिल्म है क्लैश ऑफ द टाइटन्स जिसे हिंदी में महायुद्ध के रूप में डब किया गया है। फिल्म में मुख्य भूमिका सैम वर्दिंगटन,राल्फ फिनेस,गेमा एटर्टन और लिआम नीसन की है। एक घंटे 46 मिनट की इस एक्शन फिल्म का निर्देशन किया है लुइस लेटेरियर ने।
परसियस(सैम वर्दिंगटन) देवपुत्र है मगर इंसानों की तरह पाला गया है। अदम्य युद्ध साहस के कारण वह उन सब के लिए चुनौती बनना चाहता है जो दुनिया पर अपना साम्राज्य कायम करना चाहते हैं। दूसरी ओर है काली दुनिया का देवता हेडिस (रॉल्फ फिनेस) जिसके कहर से परसियस को अपना परिवार खोना पडा है। दुनिया को नर्क बनाने का ख्वाब देखने वाला एक तीसरा जियस(लिआम नीसन) भी है। आगे की कहानी परसियस के देवशक्ति हासिल करने के प्रयास की है ताकि वह दुनिया को बचा सके।
टाइम्स ऑफ इंडिया में निखत काजमी की टिप्पणी है कि कथा पौराणिक है और यह फिल्म नई नहीं लगती। एक तो इसलिए कि इसमें पुश-बटन फैंटेसी काफी ज्यादा है और दूसरी इसलिए कि पूरी फिल्म स्पेशल इफेक्ट पर आधारित है जिसके कारण दैत्य स्वाभाविक नहीं लगते। हिंदुस्तान टाइम्स में राशिद ईरानी ने माना है कि 1981 की यह रीमेक दर्शकों के धैर्य का इम्तिहान लेती है। उनके मुताबिक,फिल्म की कहानी का अंदाजा पहले से होने लगता है। दूसरी तरफ,हिंदुस्तान में विशाल ठाकुर को निर्देशन बहुत पसंद आया और उनके हिसाब से फिल्म में पर्याप्त रोमांच है।
निखत काजमी ने लिखा है कि इस फिल्म के लिए थ्री-डी का विचार शायद देर से लिया गया और यही कारण है कि यह अवतार जैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाती। उनके मुताबिक,दोनों फिल्मों की एकमात्र समानता है सैम वर्दिंगटन की मौजूदगी मगर यहां उनसे अवतार जैसे चमत्कार की उम्मीद न रखिए।
राशिद ईरानी को किसी भी कलाकार के अभिनय ने प्रभावित नहीं किया। उन्होंने कैमरा वर्क को भी घटिया करार दिया है और बैकग्राउंड म्यूजिक को किसी चलताउ फिल्म सा माना है। वे लिखते हैं कि इस तरह की फिल्म में आश्चर्य का जो फैक्टर अनिवार्य होता है,वह यहां से गायब है।
हिंदुस्तान टाइम्स ने इसे दो जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया ने तीन स्टार दिए हैं। हिंदुस्तान ने एक्शन और मनोरंजन के आधार इसे मस्त श्रेणी में रखा है जिसे साढे तीन स्टार के बराबर माना जा सकता है।

Saturday, April 3, 2010

सदियां- फ़िल्म-समीक्षा

सदियां बिहारी बाबू के बेटे लव सिन्हा की और उनकी हीरोईन फेरेना वजीर की पहली फिल्म है। वैसे,इस फिल्म में ऋषि कपूर , हेमा मालिनी और रेखा भी हैं। निर्देशक हैं राज कंवर। गीत समीर का है और संगीत अदनान सामी का। लगभग पौने तीन घंटे की इस फिल्म को सेंसर ने यू / ए सर्टिफिकेट दिया है।
भारत-पाक बंटवारा हिंदी फिल्मकारों का लंबे अर्से से पसंदीदा और बॉक्स ऑफिस पर बिकाऊ विषय रहा है। मगर कहानी वही घिसी-पिटी कि जन्म किसी ने दिया और पाला किसी और ने। इस फिल्म में भी एक हिंदू परिवार विभाजन के बाद भारत आता है। अमृत (रेखा) विभाजन के बाद जिस घर में आती है वहां उसे एक बच्चा रोता हुआ मिलता है जो बेनजीर (हेमामालिनी) का पुत्र है। ईशान (लव सिन्हा) हिंदू परिवार में पालापोसा जाता है। वह अमृत को ही अपनी मां मानता है। ईशान को एक मुसलिम लड़की (फेरेना वजीर) से प्यार हो जाता है तब मजहब की दीवार दिलों के बीच आ जाती है जिसके बाद अमृत (रेखा) अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए सच्चाई बताती है और उसकी वास्तविक मां को खोज निकालती है।
फिल्म यह बताने के लिए बनाई गई है कि प्यार मजहब नहीं देखता और दिल के रिश्ते सरहद लांघ जाते हैं। मगर फिल्म न तो बंटवारे के दर्द को बयां कर पाती है और न ही अपनों से बिछुड़ने के दर्द को। दरअसल , सीधी सादी स्टोरी में डायरेक्टर ने टीनएजर्स को जोड़ने की चाह में लव सिन्हा और फरीना वजीर के रोमांस को कहानी का ऐसा उबाऊ हिस्सा बनाकर रख दिया , जिसे हॉल में बैठा दर्शक झेल नहीं पाता।
इंडियन एक्सप्रेस में सुभद्रा गुप्ता लिखती हैं कि लव सिन्हा और फेरेना वज़ीर हर वह कुछ करते हैं जो इस टाइप की फिल्म में हीरो-हीरोईन करते हैं-गाना,नाचना,रोमांस वगैरह-वगैरह। थोड़ा रोना-धोना भी। मगर रेखा और हेमा की मौजूदगी में वे कहीं गुम हो गए। नभाटा ने ध्यान दिलाया है कि रेखा और हेमा इससे पहले 2001 में रिलीज देव आनंद की फिल्म ' सेंसर ' में साथ काम किया था। रेखा कुछ दृश्यों में हेमा पर हावी रहीं , तो वहीं ऋषि कपूर कई फिल्मों में एक के बाद एक पंजाबी कैरेक्टर में ऐसे बंध गए हैं कि यहां अपनी अलग छाप नहीं छोड़ पाए। लव सिन्हा पूरी तरह से फिसड्डी साबित हुए हैं। हिंदुस्तान टाइम्स में मयंक शेखर ने लिखा है कि लव सिन्हा फिल्म में जबरदस्ती लाए गए लगते हैं। दैनिक भास्कर में राजेश यादव लिखते हैं कि मध्यांतर से पहले का भाग शुरुआती कुछ मिनटों को छोड़कर कमजोर सा है, लेकिन बाद की पटकथा में दम नजर आता है। रेखा और ऋषि कपूर ने अपने अभिनय से फिल्म के भावनात्मक पक्ष को बेहतर बनाया है।
राज कंवर अब भी 70-80 के दशक से बाहर नहीं निकल पाए हैं , तभी तो कई मंझे हुए स्टार्स होने के बावजूद उन्होंने पौने तीन घंटे का ऐसा नाटकीय ड्रामा दर्शकों के सामने परोसा , जिसे झेलना आसान नहीं।
राजेश यादव लिखते हैं कि फेरेना वजीर ठीक-ठाक नजर आई है मगर पूरी फिल्म में रेखा ने शानदार अभिनय किया है और उनके चेहरे पर जिस तरह के भावनात्मक आवेग आते हैं वह कमाल के है। टाइम्स ऑफ इंडिया की नज़र में,इस फिल्म में फिल्म रेखा,ऋषि और हेमा में से किसी की प्रतिभा का सही इस्तेमाल नहीं किया जा सका।
दैनिक भास्कर ने फिल्म के गीत -संगीत को कहानी के हिसाब से औसत बताया है। मगर नभाटा के मुताबिक,अदनान सामी का संगीत पंजाब की माटी और लोक संगीत को पेश करने से कोसों दूर है। सोना लगदा , माही सोना लगदा ... जरूर इसका अपवाद कहा जा सकता है।

टाइम्स ऑफ इंडिया में निखत काजमी की टिप्पणी है कि यह फिल्म इतिहास का हवाला तो देती है मगर इस प्रकार का सिनेमा स्वयं इतिहास बन चुका है। उनका सुझाव है कि कुछ निर्माताओं को फिल्म बनाने से पहले आजकल की फिल्मो पर नज़र डालनी चाहिए। राजेश यादव जी को लगता है कि अगर आप 80 के दशक की युवा प्रेम कहानी देखना चाहते हैं तो फिल्म देख सकते हैं। चन्द्रमोहन शर्मा जी का कहना है कि आप यह फिल्म तभी देखें जब करने को कुछ नहीं हो और तपती गर्मी में तीन घंटे एसी में रेस्ट करने का इरादा हो क्योंकि तीन घंटे गुजारना कम से कम टीनएजर्स दर्शकों के लिए प्रताड़ना से कम नहीं।
फिल्म को हिंदुस्तान टाइम्स और इंडियन एक्सप्रेस ने एक-एक,टाइम्स ऑफ इंडिया ने डेढ़,नभाटा और दैनिक जागरण ने दो-दो और दैनिक भास्कर ने ढाई स्टार दिया है।
(ऊपर की तस्वीर इंडियन एक्सप्रेस से और नीचे की तस्वीर टाइम्स ऑफ इंडिया से साभार)

पंखःफ़िल्म-समीक्षा

सुदीप्तो चट्टोपाध्याय के निर्देशन में बनी ‘पंख’ में बिपाशा बसु के अलावा मैराडोना रिबेलो, महेश मांजरेकर, लिलेट दूबे, रॉनित रॉय, संजीदा शेख और अमित पुरोहित भी हैं। अवधि है पौने दो घंटे।
"पंख" जेरी नामक एक ऐसे बाल कलाकार की कहानी है जो लोकप्रिय हिंदी फिल्मों में वर्षों से लड़कियों के किरदार निभाता रहा है ।उसकी मां ने हमेशा उसे इसी तरह ड्रेस अप किया क्योंकि उसे लगता है कि इसी तरह जेरी स्टार बन सकता है। आगे चलकर जेरी सेक्सुअल आइडेंटिटी क्राइसिस का शिकार हो जाता है। किशोरावस्था में वह नशे की लत में पड़ जाता है। बड़ा होने पर जेरी अपनी मां के साथ, जय बनकर फिल्म स्टूडियो के चक्कर काटता है हीरो बनने के लिए मगर लोग उसे गुलाबी पाउडर और लिपिस्टिक से पुती कुसुम के रूप में जानते हैं जिसे अवार्ड मिल चुका है। ज़ाहिर है, उसके लिए चीजें वैसी नहीं रह जाती जैसी प्रतीत होती हैं। नतीज़ा-जेरी समझ नहीं पाता कि क्या वास्तविक है और क्या काल्पनिक। फिर, एक दिन अचानक उसे सपनों की रानी मिल जाती है और फिर शुरू होता है जेरी के भीतर के बदलाव की कहानी। वह सफल होता है या नहीं यही इस फिल्म की कहानी है।
मुख्य किरदार बिपाशा का है। अटकलें लगाई जा रही थीं कि पंख बिपाशा पर आधारित फिल्म है। बिपाशा इस फिल्म में नौ अलग रूपों में(नौ भूमिकाएं नहीं) हैं। उन्होंने एक ऐसा किरदार किया है जिसका वास्तव में अस्तित्व नहीं है। फिल्म में वे युवा हीरो मैराडोना रिबेलो की कल्पना से बना चरित्र हैं। उनका हर रूप हीरो की मन: स्थिति का प्रतिबिंब है। बिपाशा ने कहा है कि यह उनकी पहली कला फिल्म है जो फिल्मोद्योग की एक बेहद गंभीर समस्या को उठाती है। मगर प्रस्तुति संबंधी दोषों के कारण यह फिल्म प्रभावित नहीं कर पाती।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने इस फिल्म को बहुत अवास्तविक तथा उलझाव भरा बताया है जो चंद सीक्वेंस में ही प्रभावित करती है। इसलिए अख़बार ने इसे महज दो स्टार दिया है। इंडियन एक्सप्रेस में सुभद्रा गुप्ता लिखती हैं कि पंख में जबर्दस्त संभावना थी। हमारी फिल्में पहचान संकट और दमित सेक्सुएलिटी जैसे जटिल मुद्दे कम ही उठाती हैं। मगर तमाम तरह की पेचीदगियों की शिकार इस फिल्म को उन्होंने भी एक स्टार ही दिया है।

दैनिक हिंदुस्तान में प्रकाशित समीक्षा पर भी एक नज़र डालिएः

तुम मिलो तो सहीःफ़िल्म-समीक्षा

कल नाना पाटेकर , डिंपल कपाडिया , सुनील शेट्टी , अंजना सुखानी , रेहान खान, विद्या मालवदे और मोहनीश बहल अभिनीत तुम मिलो तो सही रिलीज हुई है। निर्देशन है कबीर सदानंद का। गीत इरशाद कामिल का और संगीत है मन सात समंदर डोल गया वाले संदेश शॉडिल्य का। लगभग सवा दो घंटे की इस फिल्म को सेंसर ने "यू" प्रमाणपत्र दिया है।
‘तुम मिलो तो सही’ तीन जोड़ियों की कहानी है, जो उम्र के अलग-अलग मोड़ पर हैं और जिनके लिए प्यार के मायने अलग-अलग हैं। ये तीनों जिंदगी को अपने रास्ते और अपनी सोच के साथ जीना चाहते हैं। इस सभी की कहीं न कहीं कुछ मजबूरी भी है , लेकिन मुश्किलों से डरकर रास्ता बदलना इनकी फितरत में नहीं है। फिल्म में रेहान और अंजना सुखानी नई पीढी का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह भी दिखाया गया है कि युवा पीढ़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा की जा रही पैसों की बरसात में अपनी प्राचीन संस्कृति को खत्म करने पर किस कदर आमादा है ।
एक मल्टीनैशनल कॉफी कंपनी , मुंबई शहर की बेहतरीन लोकेशन पर कंपनी के आउटलेट खोलना चाहती है। एमडी चाहते हैं कि उनकी कंपनी का सीईओ अमित नागपाल (सुनील शेट्टी )लकी कैफे को खरीदने की डील फाइनल करे। अमित के लिए यह डील एक दांव जैसा है। फाइनल हुआ तो बहुत कुछ मिलेगा और न हुआ तो अपना सब कुछ खोना पड़ सकता है। वह आश्वस्त इसलिए है कि लकी कैफे की मालकिन दिलशान ईरानी (डिपंल कापडिया) उसकी पत्नी अनीता ( विधा मालवदे) की अच्छी दोस्त है। मगर इस कैफे को अपनी जिंदगी समझने वाली दिलशान इसे हर हाल में बनाए रखना चाहती है और अमित का ऑफर ठुकरा देती है। राजगोपाल सुब्रह्मण्यम (नाना पाटेकर) लकी कैफे को बचाने के लिए अदालत में दिलशान का केस लड़ता है। विक्रम जीत सिंह( रेहान खान) और शालिनी(अंजना सुखानी )इस कैफे को बचाने की मुहिम में युवा पीढ़ी का साथ लेते हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया में निखत काज़मी ने डिंपल और नाना के रोल के तारीफ के पुल बांधे हैं। नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा ने इसे डिंपल बेहतरीन फिल्मों में माना है। वहीं नाना पाटेकर हमेशा की तरह इस बार भी चिड़चिडे और झगड़ालू राजगोपाल सुब्रह्मण्यम के अंदाज में नजर आए , जिन्हें लगता है कि सिर्फ वही सही हैं। अंजना सुखानी अपनी पिछली फिल्मों के मुकाबले इस फिल्म में कुछ अलग लुक में नजर आईं। उन्होंने सुनील शेट्टी की भी तारीफ़ की है मगर उनके हिसाब से विधा मालवदे ने ऐक्टिंग की बजाए चिल्लाने में ज्यादा जोर लगाया।

नभाटा ने फिल्म के सगीत को कहानी के अनुकूल माना है और राघव सच्चर के टाइटिल सॉन्ग तुम मिलो तो सही को पूरे अंक दिए हैं। कुणाल गांजावाला और सुनिधि चौहान की आवाज में आई एम बेड टीन एजर्स की पसंद को ध्यान में रखकर कहानी में जोड़ तो दिया गया , लेकिन गाना कहानी की गति को रोकता है। वेबदुनिया के अनुसार, टाइटल सांग को छोड़ अन्य गीत बेदम है और उन्हें फिल्म में ठूँसा गया है। मगर टाइम्स ऑफ इंडिया की टिप्पणी है कि साधारण संगीत के बावजूद इस फिल्म में बांधे रखने वाली कई चीजें हैं।
नभाटा लिखता है कि डायरेक्टर कबीर सदानंद कलाकारों से बेहतरीन परफॉर्मेंस लेने के साथ - साथ दर्शकों को कहानी के साथ बांधे रखने में कामयाब रहे हैं । नई दुनिया में मृत्यंजय प्रभाकर ने लिखा है कि फिल्म पर कबीर की पकड़ शुरू से अंत तक बनी रहती है। वेबदुनिया में संजय ताम्रकर जी ने भी माना है कि एक लेखक के बजाय डायरेक्टर के रूप में कबीर सदानंद ज्यादा प्रभावित करते हैं। उन्होंने एक्टर्स से अच्छा काम लिया है और कुछ शॉट्सा अच्छे फिल्माए हैं। नवभारत टाइम्स और वेबदुनिया दोनों ने माना है कि रेहान और अंजना के रोमांटिक पहलू को कहानी का हिस्सा बनाने की ज़रूरत नहीं थी और यह फिल्म का सबसे कमज़ोर पहलू है। मृत्युंजय प्रभाकर के हिसाब से फिल्म की पटकथा काफी रोचक है मगर टाइम्स ऑफ इंडिया और वेबदुनिया ने खासकर फिल्म के शुरुआती हिस्सों की एडिटिंग ठीक से नहीं किए जाने की ओर ध्यानाकर्षण किया है।
शर्मा जी लिखते हैं कि यह फिल्म उन्हीं के लिए है जो अच्छी और अलग सोच के साथ - साथ मैसेज देती फिल्मों के शौकीन हैं ।

वेबदुनिया ने एक्टिंग को छोड़ फिल्म के अन्य पहलू औसत दर्जे का होने के आधार पर इसे ढाई स्टार दिये हैं जबकि नभाटा ने यह मानते हुए कि इस फिल्म में ऐसी कई खूबियां हैं जो अच्छी और लीक से हटकर बनी फिल्मों को देखने वाले शौकीनों की कसौटी पर सौ फीसदी उतरने का दम रखती हैं, इसे तीन स्टार दिया है। टाइम्स ऑफ इँडिया ने फिल्म को मुंबई के जज्बात को ठीक से फिल्माने और कहानी को सही तरीक़े से बयां करने के आधार पर इसे तीन स्टार दिया है।

दैनिक हिंदुस्तान में प्रकाशित समीक्षा पर एक नज़रः

Monday, March 29, 2010

मित्तल वर्सेज मित्तलःफिल्म-समीक्षा

बीते शुक्रवार को हम तुम और घोस्ट तथा वेल डन अब्बा के साथ ही एक और फिल्म रिलीज हुई-मित्तल वर्सेज मित्तल। रितुपर्णो सेन गुप्ता,रोहित राय,गुलशन ग्रोवर तथा सुचित्रा कृष्णामूर्ति के स्टारकास्ट वाली इस दो घंटे दस मिनट की फिल्म को ए सर्टिफिकेट मिला है। निर्माता हैं राजीवकौल और निर्देशक हैं करण राजदान। गीत शब्बीर अहमद का और संगीत दिया है शमीर टंडन ने। नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा जी ने इसे महज दो स्टार दिया हैः
ईशा कोप्पिकर के साथ गर्लफ्रेंड जैसी बोल्ड फिल्म बना चुके डायरेक्टर करण के नाम हर बार पिछली फिल्म से ज्यादा बोल्ड फिल्म बनाने का रेकॉर्ड है। करण ने 70-80 के दशक में बनने वाली फिल्मों की तर्ज पर कहानी लिखी , लेकिन इसमें ज्यादा से ज्यादा हॉट दृश्यों को ठूंसने की चाह में ऐसे भटके कि फिल्म बी और सी सेंटरों और फ्रंट क्लास दर्शकों की बनकर रह गई।

कहानी : मिताली ( रितुपर्णा सेन गुप्ता ) ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि शादी के बाद उसकी जिंदगी इतनी ज्यादा बदल जाएगी। उसकी सास उसे बिल्कुल पसंद नहीं करती और उसका पति करण मित्तल ( रोहित राय ) अब उसके साथ जानवरों जैसा सलूक करने लगा है। शादी के बाद ससुराल में शारीरिक और मानसिक अत्याचार सहने के बजाय मिताली विरोध करने का फैसला करती है। वह अपना घर छोड़ देती है। साथ ही , करण के खिलाफ मुकदमा भी दायर कर देती है। यह मुकदमा उसकी आजादी के सफर की एक ऐसी शुरुआत साबित होता है , जिसमें मिताली गलत या सही कुछ भी सोचने को तैयार नहीं होती क्योंकि उसे अब किसी भी तरह से अपना मकसद हासिल करना है।

एक्टिंग : सेक्स का तड़का लगाती इस फिल्म में रितुपर्णा सेन ने अपनी पिछली इमेज से हटकर बहुत बोल्ड भूमिका निभाई है। लेकिन रितुपर्णा ने एक्टिंग से ज्यादा ध्यान कैमरे के सामने अपनी बोल्ड ब्यूटी को परोसने में लगाया।

डायरेक्शन : करण ने स्क्रिप्ट को असरदार बनाने की बजाय अपना ध्यान ज्यादा से ज्यादा हॉट दृश्यों को फिट करने में लगाया है।

संगीत : गीत संगीत फिल्म का कमजोर पक्ष है।

क्यों देखे : बस हॉट दृश्य और कुछ नहीं।
-------------------------------------------------------------------
दैनिक हिंदुस्तान की टिप्पणीः


हम तुम और घोस्टःफिल्म-समीक्षा

इस शुक्रवार हम तुम और घोस्ट रिलीज हुई है। अरशद वारसी,दीया मिर्जा,बोमन ईरानी,जेहरा नकवी और टीनू आनंद की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म का निर्देशन किया है कबीर कौशिक ने और निर्माता हैं अरशद वारसी। गीत जावेद अख्तर का है और संगीत है शंकर-एहसान लॉय का । फिल्म को यू-ए सर्टिफिकेट दिया गया है अर्थात् बच्चे बड़ों के साथ यह फिल्म देख सकते हैं। नवभारत टाइम्स में चंद्रमोहन शर्मा जी ने इस फिल्म को ढाई स्टार देते हुए लिखा हैः
ऐसा लगता है कि ग्लैमर इंडस्ट्री को इन दिनों भूत - प्रेत से कुछ ज्यादा ही लगाव हो गया है। पिछले कुछ अर्से से यह इंडस्ट्री का पसंदीदा सब्जेक्ट बन गया है तभी तो कुछ हफ्तों से ऐसी फिल्मों की लंबी क्यू लग गई है। इसी कड़ी में एक्टर से प्रड्यूसर बने अरशद वारसी की इस फिल्म को भी शामिल किया जा सकता है। लेकिन यह समझ से परे है कि अरशद ने बतौर मेकर अपनी पहली फिल्म में कुछ अलग दिखाने या नया करने के लिए इमेज से हटकर ऐसा सूखा सब्जेक्ट क्यों चुना। माना , अरशद की फिल्म में नजर आने वाले भूत दर्शकों को डराते नहीं बल्कि दर्शकों की सहानुभूति बटोरने में कुछ हद तक कामयाब रहे हैं।

कहानी : फैशन फोटोग्राफर अरमान सूरी ( अरशद वारसी ) और एक मैगजीन की एडीटर गहना ( दीया मिर्जा ) एक दूसरे को चाहते हैं। इस रिश्ते से गहना के पिता ( जावेद शेख ) को भी ऐतराज नहीं। अचानक गहना को लगता है कि अरमान ऐसी बीमारी का शिकार हैं जिसके चलते वह अपनेआप से बातें करता है , मृतकों से अपना रिश्ता जोड़ने लगा है। दरअसल , अरमान में बरसों पहले मर चुके मिस्टर कपूर ( बोमन ईरानी ) का भूत आ जाता है। मिस्टर कपूर की अचानक मौत हुई और उनकी दौलत बेटे ने धोखे से अपने नाम की और पत्नी के इशारों पर मां से किनारा कर लिया। मिस्टर कपूर का भटकता भूत अब धोखे से उनके बेटे द्वारा हथियाई जायदाद को अपनी पत्नी पूजा के नाम कराना चाहता है। अपनी इसी आखिरी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए कपूर का भूत अरमान में समाता है। इसके बाद जहां अरमान इस भूत के इशारों पर नाचने को मजबूर है , वहीं गहना उसे दिमागी तौर से बीमार समझने लगती है।

एक्टिंग : फिल्म अरशद ने बनाई है इसलिए ज्यादातर सीन्स में वही दिखाई देते हैं। लगातार कॉमिडी करने के बाद अरशद अब इस अलग रोल में जम नहीं पाते। दीया ने जितनी मेहनत कैमरे के सामने अपनी ब्यूटी दिखाने की , काश मैगजीन एडीटर की अपनी भूमिका में भी उतनी मेहनत करती। बोमन ईरानी खूब जमे हैं।

डायरेक्शन : सहर और चंपू की तर्ज से अलग हटकर इस बार कबीर ने कुछ नया करने की कोशिश तो की है , पर स्क्रिप्ट से लगातार बढ़ती उनकी दूरी फिल्म की कमजोर कड़ी है।

संगीत : शंकर एहसान लॉय के संगीत और जावेद अख्तर के लिखे गानों में ऐसा जादू नहीं कि म्यूजिक लवर्स इन गानों को गुनगुनाएं।

क्यों देखे : इस गोस्ट में इतना दम है कि आपकी हमदर्दी हासिल करने का दम रखता है। वहीं यूके की खूबसूरत लोकेशन और बोमन ईरानी की लाजवाब एक्टिंग के लिए फिल्म देखी जा सकती है।
-----------------------------------------------------------------------------
नईदुनिया में मृत्युंजय प्रभाकर जी की टिप्पणी भी देखिएः
कबीर कौशिक की फिल्म "हम, तुम और घोस्ट" पूरी तरह अरशद वारसी के ऊपर केंद्रित फिल्म है। अरशद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं और उन्होंने इस भूमिका को बेहतर तरीके से निभाया भी है। एक फैशन फोटोग्राफर जिसे भूत की आवाजें सुनाई और दिखाई देती हैं जिसके कारण उसके जीवन में जटिलताएं आती जाती हैं। उनसे मुक्ति के लिए वह भूतों की मदद करता है। भूतों के जो तीन प्रसंग फिल्म में उठाए गए हैं वह भूतों की कम हमारे समाज की समस्याएं ज्यादा हैं और दर्शकों को छूते भी हैं। बोमन ने इस भूमिका में भी अपनी बेहतरीन अदाकारी की है। संध्या मृदुल भी जावेद शेख भी अपनी भूमिकाओं में जंचते हैं पर दिया मिर्जा ग्लैमर डॉल की इमेज से बाहर निकलकर नहीं आ पातीं। फिल्म का संगीत भी याद करने लायक नहीं है।
------------------------------------------------------------
हिंदुस्तान में मनीष शुक्ल जी की राय भी देखिए-


वेल डन अब्बाःफिल्म-समीक्षा

कलाकार : बोमन ईरानी, समीर दत्तानी, मिनिषा लांबा, ईला अरुण, सोनाली कुलकर्णी, रजत कपूर, रवि किशन, यशपाल शर्मा
निर्माता: बिग पिक्चर्स
डायरेक्टर: श्याम बेनेगल
म्यूजिक: शांतनु मोइत्रा
गीतः स्वानंद किरकिरे
सेंसर सर्टिफिकेट : यू
अवधि: 134 मिनट
रेटिंगः 3+1/5

लीक से हटकर दमदार फिल्मों के लिए अपनी पहचान बना चुके श्याम बेनेगल की इस फिल्म में भी उन दर्शकों के लिए बहुत कुछ है, जो मनोरंजन के साथ कुछ नया और अलग देखना चाहते हैं। बेनेगल के फिल्मी करियर की यह 26वीं फिल्म है। अपनी पिछली फिल्मों की तरह उन्होंने इस बार भी मनोरंजन के साथ कुछ सटीक मेसेज दिया है। अगर कहा जाए तो सरकार को जो मेसेज देना चाहिए था, उसे बेनेगल ने अपने दम पर ऐसे असरदार ढंग से पेश किया है, जिसकी तारीफ करनी चाहिए।


बेनेगल की पिछली फिल्म 'वेलकम टु सज्जनपुर' को बड़े शहरों और मल्टिप्लेक्सों में ज्यादा कामयाबी भले ही न मिली हो, लेकिन छोटे सेंटरों में फिल्म इस कदर हिट रही कि निर्माता कंपनी ने लागत के बाद मुनाफा भी कमाया। बेनेगल के बारे में कहा जाता है कि वह फिल्म बनाने में प्रॉडक्शन कंपनी की शर्तों को नहीं मानते और न ही किसी तरह का समझौता करते हैं। यही वजह रही कि हैदराबाद के आसपास घूमती इस कहानी को शूट करने के लिए बेनेगल और उनकी यूनिट के लोगों ने साउथ के कई छोटे गांवों में डेरा डाला। फिल्म के टाइटल से आप समझ सकते हैं कि पूरी फिल्म में अब्बा का राज है। 'थ्री इडियट' के बाद बोमन ईरानी ने एक बार फिर साबित किया कि कहानी के किरदार में खुद को कैसे फिट किया जा सकता है। फिल्म में बोमन का डबल रोल दर्शकों को और अधिक चौंकाता है। उन्होंने हैदराबाद की बोली और साउथ के गांव में रहने वाले उन लोगों की बेबसी को सिल्वर स्क्रीन पर ऐसे असरदार ढंग से उतारा है कि हॉल में बैठे दर्शक उनकी वाहवाही किए बिना खुद को नहीं रोक पाते।


कहानी: करीब तीन महीने की छुट्टी के बाद ड्राइवर अरमान अली (बोमन ईरानी) अपने गांव से मुंबई वापस लौटता है, तो उसका मालिक उसे किसी भी सूरत में नौकरी पर वापस रखने को राजी नहीं होता। दरअसल, अरमान अपने मालिक से एक महीने की छुट्टी लेकर गया था और वापस आया तीन महीने में। बस यही वजह है कि इस बार मालिक अरमान का कोई बहाना सुनने को तैयार नहीं होता। लेकिन अचानक मालिक को जरूरी काम से पुणे जाना पड़ता है, तो वह अरमान को एक बार फिर कार चलाने का मौका देता है। इसी सफर में अरमान उसे अपनी आपबीती सुनाता है। इस आपबीती में अरमान का जुड़वां निठल्ला भाई रहमत अली (बोमन ईरानी) और उसकी बेगम सलमा (ईला अरुण) से लेकर साउथ में अरमान का ऐसा गांव है, जहां इंसानी जिंदगी से पानी ज्यादा महंगा है। गांव में अपने चाचा चाची के साथ रह रही अरमान की बेटी मुस्कान (मिनिषा लांबा) बारहवीं क्लास में पढ़ती है और अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का दम रखती है। अरमान अपनी पुश्तैनी जमीन को खेती के लायक बनाने के मकसद से पानी की बावड़ी बनाने के लिए सरकारी अनुदान लेता है। पर इस चक्कर में वह ऐसे चक्रव्यूह में फंसता है, जहां सिर्फ अफसरशाही, भ्रष्टाचार और सरकार द्वारा गरीबों के लिए बनी योजनाओं की रकम डकारते अफसर से लेकर मंत्री तक शामिल हैं।


ऐक्टिंग: पूरी फिल्म बोमन ईरानी पर टिकी है और डबल रोल में बोमन छाए हुए हैं। मिनिषा लांबा ने 'यहां' के बाद एक बार फिर साबित किया कि अगर काबिल डायरेक्टर का साथ मिले, तो उनकी गिनती इंडस्ट्री की टॉप हीरोइनों में हो सकती है। ईला अरुण फिर से अपने पुराने 'वेलकम टु सज्जनपुर' स्टाइल में नजर आईं। वहीं, ईमानदार पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में रजत कपूर और भ्रष्ट और रंगीन मिजाज इंजिनियर की भूमिका में रवि किशन जमे हैं।


डायरेक्शन: बेनेगल की तारीफ करनी होगी कि उन्होंने ऐसे सब्जेक्ट पर फिल्म बनाने का जोखिम उठाया और बॉक्स ऑफिस पर बिकाऊ मसालों का मोह त्यागकर साफ सुथरी फिल्म बनाई। इंटरवल से पहले फिल्म की रफ्तार कुछ धीमी है, तो वहीं आखिर में फिल्म को आठ दस मिनट बेवजह बढ़ाया गया है।


म्यूजिक: फिल्म का म्यूजिक अच्छा है। पानी को तरसते पानी को झपटते चेहरे, रहिमन इश्क का धागा रे, मेरी बन्नो होशियार... गीत हॉल से बाहर आकर भी याद रहते हैं।


क्यों देखें: अगर आप श्याम बेनेगल की फिल्मों के शौकीन हैं, तो फिल्म आपके लिए है। बोमन ईरानी न भूलने वाले डबल रोल में हैं और भ्रष्ट सरकारी तंत्र का पर्दाफाश फिल्म की खासियत है।

(चंद्रमोहन शर्मा,नवभारत टाइम्स)

-------------------------------------------------------------------------------------

इसी फिल्म की रामकुमार सिंह जी की समीक्षा राजस्थान पत्रिका से-

निर्देशक श्याम बेनेगल एक बार फिर अपने पूरे रंग में हैं। 'वेलकम टु सज्जनपुर' के बाद उनकी अगली फिल्म 'वेल डन अब्बा' सिनेमाघरों में है। गांव की एक कहानी को आधार बनाकर उसे छिछली कॉमेडी से ऊपर उठाते हुए व्यवस्था पर एक तंज करती हुई वेल डन अब्ब्ाा एक तरह से सार्थक सिनेमा की वापसी है। यह लगभग हरिशंकर परसाई और शरद जोशी का एक तरह से सिनेमाई संस्करण है। यह संयोग ही है कि इस फिल्म के कहानी के हिंदी लेखक संजीव की कहानी फुलवा का पुल, उर्दू लेखक जिलानी बानो की नरसियां की बावडी और स्क्रीनप्ले ट्रीटमेंट में जयंत कृपलानी की स्टिल वाटर्स को श्रेय दिया गया है।
फिल्म की कहानी मुंबई में काम करने वाले ड्राइवर अरमान अली की है, जो अपने गांव से लौटकर मुंबई जाता है तो उसका बॉस उसे रखने से मना करता है कि वह एक महीने की छुट्टी लेकर पूरे तीन महीने क्यों गायब रहा। वह अजीब तरीके से किस्सा सुनाता है। सरकार की ओर से कपिलधारा योजना में वह मुफ्त में बावडी की खुदाई करने के लिए सरकारी अनुदान की मांग करता है, लेकिन बावडी नहीं बनी। जबकि सरकार के कागजों में चित्र और वैरिफिकेशन के हस्ताक्षर के साथ मौजूद है। अरमान अली अपनी बेटी मुस्कान अली के साथ पुलिस में इस बात की रिपोर्ट दर्ज कराता है कि उसकी बावडी चोरी हो गई है। पता चला न केवल अरमान अली, बल्कि इलाके के ज्यादातर किसानों की बावडियां चोरी हो गई हैं। अरमान अली यहां एक नेता बनकर उभरते हैं। अरमान अली कहते हैं, मैं बावडी के लिए पैसा लेने गया तो इन लोगों से डरता था, लेकिन अब देख लिया कि ये सब मक्कार लोग हैं। पटकथा की उपकथाओं में मिनिषा लांबा और समीर दत्तानी के रोमांस के ट्रेक हैं और अरमान अली के जुडवां भाई रहमान अली और उनकी पत्नी यानी डबल रोल में बोमन इरानी और इला अरूण भी हैं। इंस्पेक्टर की भूमिका में रजित कपूर, उनके सहयोगी यशपाल और रवि झांकल, इंजीनियर की भूमिका में रवि किशन हैं। सभी ने अच्छा अभिनय किया है, लेकिन सारे नंबर बोमन इरानी को जाते हैं।
श्याम बेनेगल की इस फिल्म की खासियत यह है कि फिल्म विकास में बाधा डालने वाले उस सरकारी तंत्र पर एक तमाचा जडती है। सूचना के अधिकार की ताकत का बेहतरीन इस्तेमाल इस फिल्म में किया गया है। शांतनु मोइत्रा का संगीत अच्छा है। आम आदमी की ताकत की कहानी है वेल डन अब्बा।
------------------------------------------------------------------------------------------

नई दुनिया में मृत्युंजय प्रभाकरः

अच्छे अभिनेताओं की कद्र हमेशा रही है और रहेगी। बोमन ईरानी ने अपनी अभिनय प्रतिभा से अपनी खास पहचान बनाई है और एक अच्छा-खासा दर्शक वर्ग भी। वह जितने सहज तरीके से अपनी भूमिका उत्कृष्टता से निभा ले जाते हैं इस हफ्ते प्रदर्शित दोनों ही फिल्में इस बात की गवाह हैं। दो फिल्में और भूमिकाएं तीन। श्याम बेनेगल निर्देशित फिल्म "वेल डन अब्बा" में बोमन जु़ड़वा भाइयों की दोहरी भूमिका में हैं तो कबीर कौशिक की फिल्म "हम, तुम और घोस्ट" में भूत की भूमिका में। तीनों पात्रों को बोमन ने जितने नेचुरल तरीके से प्ले किया है वह देखने लायक है। बोमन के दर्शकों के लिए यह हफ्ता सच में खास है।

श्याम बेनेगल की फिल्मों में गांव और कस्बायी समाज हमेशा से प्रमुखता से रहा है। उनकी पिछली फिल्म "वेलकम टू सज्जनपुर" भी कस्बायी धरातल की फिल्म थी और लोगों को पसंद आई थी। "वेल डन अब्बा" में बेनेगल एक बार फिर गांव की ओर लौटे हैं और सरकारी लोककल्याणकारी योजनाओं की जो हालत है उसका परीक्षण किया है। हाल ही में आई सच्चर कमेटी की रिपोर्ट में मुस्लिम समाज का जो अक्स दिखाया गया है फिल्म उसकी पुष्टि करती है। बहुत दिनों बाद बॉलीवुड में ऐसी फिल्म आई है जिसका मुख्य पात्र एक मुस्लिम किरदार है। फिल्म हल्के-फुल्के संवादों और दृश्यों के माध्यम से आगे ब़ढ़ती है पर कहीं-कहीं खिंच गई है। इस फिल्म की खोज मिनिषा लांबा हैं जिन्होंने अपने काम से सबको प्रभावित किया है। रवि किशन, राजेंद्र गुप्ता, ईला अरुण, यशपाल शर्मा, रजित कपूर आदि भी अपनी भूमिकाओं में जमे हैं।

---------------------------------------------------------------------------------

और अंत मे,साढे तीन स्टार के साथ समय ताम्रकार वेबदुनिया परः

श्याम बेनेगल का कहना है कि वे युवाओं को गाँव से जोड़ना चाहते हैं क्योंकि भारतीयों का एक बहुत बड़ा हिस्सा गाँवों में बसता है जो शाइनिंग इंडिया से बहुत दूर है। इसलिए उन्होंने ‘वेल डन अब्बा’ में चिकटपल्ली नामक गाँव को दिखाया है। ग्रामीण जीवन और उनकी समस्याओं को यह फिल्म बारीकी से दिखाती है।

इस फिल्म के जरिये उन्होंने उन सरकारी योजनाओं पर प्रहार किया है जो गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले लोगों के लिए बनाई जाती है। मुफ्त का घर, मुफ्त का कुआँ, मुफ्त की शिक्षा, चिकित्सा जैसी योजनाएँ सरकार से गरीब तक पहुँचने में कई लोगों के हाथ से गुजरती है और लाख रुपए सैकड़े में बदल जाते हैं।

अरमान अली (बोमन ईरानी) मुंबई में ड्रायवर है। छुट्टी लेकर वह अपनी बेटी मुस्कान (मिनिषा लांबा) के लिए लड़का ढूँढने चिकटपल्ली जाता है। मुस्कान अपने चाचा-चाची के साथ रहती है जो मस्जिद से जूते भी चुराते हैं और बावड़ियों से पानी भी क्योंकि गाँव में पानी का संकट है।
अरमान को पता चलता है कि कपिल धारा योजना के अंतर्गत सरकार गरीबों को बावड़ी के लिए मुफ्‍त में धन दे रही है। वह अपनी जमीन पर बावड़ी बनवाना चाहता है ताकि थोड़ी-बहुत फसल पैदा कर सके। गरीबी रेखा के नीचे होने का वह झूठा प्रमाण-पत्र बनवाता है और बावड़ी के लिए आवेदन करता है।

उसका सामना भ्रष्ट अफसर, बाबू, मंत्री और इंजीनियर से होता है जो उसे मिलने वाले अनुदान में से अपना हिस्सा माँगते हैं। आखिर में अरमान के हाथों में चंद हजार रुपए आते हैं जिससे बावड़ी नहीं बनाई जा सकती।

उदास अरमान को उसकी 12 वीं कक्षा में पढ़ रही बेटी मुस्कान अनोखा रास्ता बताती है। वे बावड़ी की चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाते हैं। उनका साथ वे लोग भी देते हैं जिनके साथ भी बावड़ी के नाम पर हेराफेरी की गई। मामला विधानसभा तक पहुँच जाता है और सरकार बचाने के लिए रातो-रात बावड़ी बना दी जाती है।

इस कहानी को ‘नरसैय्या की बावड़ी’ (जीलानी बानो), ‘फुलवा का पुल’ (संजीव) और ‘स्टिल वॉटर्स’ को आधार बनाकर तैयार किया गया है। इस तरह की कहानी पर कुछ क्षेत्रीय भाषाओं में भी फिल्म बनी है और कुछ दिनों पहले ‘लापतागंज’ टीवी धारावाहिक के एक एपिसोड में भी ऐसी कहानी देखने को मिली थी। लेकिन श्याम बेनेगल का हाथ लगने से यह कहानी ‘वेल डन अब्बा’ में और निखर जाती है।

बेनेगल ने सरकारी सिस्टम और इससे जुड़े भ्रष्ट लोगों को व्यंग्यात्मक और मनोरंजक तरीके से स्क्रीन पर पेश किया है कि किस तरह इन योजनाओं को मखौल बना दिया गया है और गरीबों का हक अफसर/मंत्री/पुलिस छीन रहे हैं। कई ऐसे दृश्य हैं जो चेहरे पर मुस्कान लाते हैं साथ ही सोचने पर मजबूर करते हैं। ये सारी बातें बिना लाउड हुए दिखाई गई हैं।

मुख्‍य कहानी के साथ-साथ मुस्कान और आरिफ का रोमांस और शेखों द्वारा गरीब लड़कियों को खरीदने वाला प्रसंग भी उल्लेखनीय है। फिल्म की धीमी गति और लंबे क्लायमेक्स से कुछ लोगों को शिकायत हो सकती है, लेकिन इसे अनदेखा भी किया जा सकता है।

गाँव की जिंदगी में एक ठहराव होता है और इसे फिल्म के किरदारों के जरिये महसूस किया जा सकता है। फिल्म में कई ऐसे कैरेक्टर हैं जो फिल्म खत्म होने के बाद भी याद रहते हैं। चाहे वो भला आदमी अरमान हो, उसकी तेज तर्रार बेटी मुस्कान हो या इंजीनियर झा हो जिसके दिमाग में हमेशा सेक्स छाया रहता है।
अरमान अली के रूप में बोमन ईरानी की एक्टिंग बेहतरीन है, लेकिन अरमान के जुड़वाँ भाई के रूप में उन्होंने थोड़ी ओवर एक्टिंग की है। मिनिषा लांबा का यह अब तक सबसे उम्दा अभिनय कहा जा सकता है। रवि किशन, रजत कपूर, इला अरुण, समीर दत्ता, राजेन्द्र गुप्ता ने भी अपना काम अच्छे से किया है। सोनाली कुलकर्णी को ज्यादा अवसर ‍नहीं मिल पाए।

‘वेल डन अब्बा’ एक वेल मेड फिल्म है और इसे देखा जा सकता है।