स्वागत

Friday, September 3, 2010

शक्ति कपूर

तीन सितम्बर, 1958 में मुंबई में हुई थीं पैदाइश करियर की शुरूआत 1973 में फिल्म ’कहानी किस्मत की‘ से की थी

हिंदी फिल्म जगत में शक्ति कपूर का नाम उन गिने-चुने अभिनेताओं में है जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से सिने दर्शकों के दिल में एक खास मुकाम बना रखा है। फिल्म ’कुर्बानी‘,’आंखें‘, ’रामअवतार‘ जैसी फिल्म में क्रूर खलनायक की भूमिका हो या फिर ’हम साथ-साथ है‘,’अधर्म‘ जैसी फिल्म में भावपूर्ण अभिनय या फिर ’राजा बाबू‘, ’मालामाल वीकली‘,’चालबाज‘ जैसी फिल्मों में हास्य अभिनय इन सभी भूमिकाओं में उनका कोई जवाब नहीं। शक्ति कपूर का जन्म 3 सितंबर 1958 को मुंबई में एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था। कुछ वर्ष के बाद वह अपने परिवार के साथ दिल्ली आ गए। शक्ति कपूर ने अपनी स्नातक की पढ़ाई दिल्ली के मशहूर किरोरीमल कॉलेज से पूरी की।

अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1973 में अजरुन हिरांगनी की फिल्म ’कहानी किस्मत की‘ से की। अपने वजूद को तलाशते शक्ति कपूर फिल्म इंडस्ट्री में लगभग सात वर्ष तक संघर्ष करते रहे। इस दौरान उनकी ’दो जासूस‘, ’संग्राम‘, ’खेल किस्मत का‘, ’दरवाजा‘,’दिल से मिले दिल‘ जैसी फिल्में प्रदर्शित हुई लेकिन कुछ खास फायदा नहीं पहुंचा। 1979 में शक्ति कपूर की ’जानी दुश्मन‘ और ’सरगम‘ जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं। शक्ति कपूर की किस्मत का सितारा वर्ष 1980 में प्रदर्शित फिल्म ’कुर्बानी‘ से चमका। मारधाड़ और नाच गाने से भरपूर इस फिल्म में शक्ति कपूर ने मुख्य खलनायक की भूमिका निभाई। वर्ष 1981 शक्ति कपूर के सिने करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उन्हें सुनील दत्त के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म ’रॉकी‘ में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उन पर फिल्माया गीत ’आ देखे जरा किसमें कितना है दम‘ श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसके बाद ’नसीब‘, ’सत्ते पे सत्ता‘, ’चालबाज‘, ’बाप नंबरी बेटा दस नंबरी‘ महत्वपूर्ण फिल्में कीं।

नब्बे के दशक में शक्ति कपूर ने अपने अभिनय को एकरू पता से बचाने और स्वयं को चरित्र अभिनेता के रूप में स्थापित करने के लिये अपनी भूमिकाओं में परिवर्तन भी किया। इस क्रम में वर्ष 1994 में प्रदर्शित डेविड धवन की सुपरहिट फिल्म ’राजा बाबू‘ में उन्होंने हास्य किरदार नन्दू को रूपहले पर्दे पर साकार किया। इसमें अपने जबरदस्त हास्य अभिनय के लिये सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित भी किए गए। इसी साल उनके करियर की एक और सुपरहिट फिल्म ’अंदाज अपना अपना‘ प्रदर्शित हुई। शक्ति कपूर के सिने करियर में उनकी जोड़ी कादर खान के साथ काफी पसंद की गई। इन दोनों अभिनेताओं ने अब तक लगभग 100 फिल्मों में एक साथ काम किया है(राष्ट्रीय सहारा,3.9.2010)।

1 comment:

न मॉडरेशन की आशंका, न ब्लॉग स्वामी की स्वीकृति का इंतज़ार। लिखिए और तुरंत छपा देखिएः