स्वागत

Saturday, August 28, 2010

रहमान ने गाया जियो, उठो, बढ़ो, जीतो

आस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने आज भव्य संगीतमय समारोह के बीच दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों का थीम गीत यारो इंडिया बुला लिया देश को समर्पित किया जिसे उन्होंने भारतीय और पाश्चात्य संगीत के बेहतरीन तालमेल से तैयार किया है।

बारह दिन पहले थीम गीत की एक झलक पेश करने वाले रहमान ने शनिवार को मंच पर खुद यह गीत यारो इंडिया बुला लिया, जियो उठो बढ़ो जीतो सुनाया। गीत को रहमान ने खुद साथी गायकों के साथ गाया है।

गुड़गांव के किंगडम आफ ड्रीम्स में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के प्रमुख सुरेश कलमाड़ी, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद थे।

रहमान ने इस मौके पर कहा कि यह गीत तैयार करना आसान नहीं था। मैं पिछले छह महीने से इस पर काम कर रहा था और कल रात ही इसे अंतिम रूप दिया है। उम्मीद है कि लोगों को यह पसंद आएगा।

विवादों से घिरे कलमाड़ी ने इस गीत के लांच को राष्ट्रमंडल खेलों के उत्सव की शुरुआत करार देते हुए कहा कि तमाम आशंकाओं के विपरीत भारत इन खेलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि हम तैयार हैं। यह खेल बेहद कामयाब होंगे। खेल गांव बीजिंग ओलंपिक से भी बेहतर होगा और उद्घाटन तथा समापन समारोह यादगार रहेंगे।


मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कलमाड़ी का बचाव करते हुए कहा कि भारत अब तक के सबसे यादगार राष्ट्रमंडल खेलों की सौगात देगा। उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि सुरेश कलमाड़ी इन दिनों काफी समस्याओं से घिरे हैं लेकिन अंत सुखद ही होगा। हम एक टीम के तौर पर अब तक के सबसे यादगार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेंगे।

इस मौके पर टीवी अभिनेता हुसैन केजरीवाला, गौहर खान और कश्मीरा ईरानी के साथ कई नृत्य समूहों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। राष्ट्रमंडल खेलों के थीम गीत का लांच बारह दिन पहले ही होना था जिसे ऐन मौके पर टाल दिया गया था। रहमान ने तब गीत के बारे में बताया था कि इसके बोल 90 प्रतिशत हिन्दी में और 10 प्रतिशत अंग्रेजी में है। यह एक अलग किस्म का गीत है जो बेहद लोकप्रिय होगा। इस गीत को पूरा हिन्दुस्तान हमारे साथ गुनगुनाएगा।

यह पूछने पर कि गीत क्या विश्व कप फुटबाल में शकीरा के मशहूर गीत वाका वाका की टक्कर का होगा तो रहमान ने कहा था कि यह उससे आगे होगा। रहमान तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में भी लाइव कन्सर्ट देंगे।

गाने के बारे में उन्होंने कहा था, यह ऊर्जा, जीत की जिजीविषा और हार नहीं मानने के जज्बे का द्योतक है। दो आस्कर, दो ग्रैमी, बाफ्टा और गोल्डन ग्लोब के अलावा चार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके रहमान अपने संगीत में नए प्रयोग के लिए मशहूर है और इस गीत को तैयार करने में भी उन्होंने इसकी बानगी दी है।

उन्होंने बताया कि यह वैश्विक स्तर का गीत होगा जिसमें भारतीय शास्त्रीय संगीत के साथ पाश्चात्य संगीत की भी भलक मिलेगी। यह ऐसा गीत होगा जो भारतीय और पश्चिमी दोनों श्रोताओं को लुभाएगा(हिंदुस्तान,28.8.2010)।

No comments:

Post a Comment

न मॉडरेशन की आशंका, न ब्लॉग स्वामी की स्वीकृति का इंतज़ार। लिखिए और तुरंत छपा देखिएः